फर्जी ट्रस्ट और संस्थान का कार्यालय खोलकर लोगों से की जा रही जमकर ठगी
फर्जी ट्रस्ट और संस्थान का कार्यालय खोलकर लोगों से की जा रही जमकर ठगी
महुआ, एक संवाददाता। इस समय महुआ सहित विभिन्न जगहों पर फर्जी ट्रष्ट और संस्थान खोलकर लोगों को नौकरी मुहैया कराने के नाम पर अवैध वसूली की जा रही है। यहां कई जगह पर कार्यालय खोल दिए गए हैं और उनके द्वारा नौकरी बांटी जा रही है। इसमें खासकर महिलाएं झांसे में आ रही हैं। वे नौकरी के नाम पर गहने बंधक रखकर रुपए दे रही है।
गुरुवार को यहां जानकारी देते हुए लोगों ने बताया कि कई जगह पर फर्जी संस्थान का कार्यालय खुला है। जहां लोगों को बरगलाया जा रहा है। नौकरी देने के नाम पर जमकर ठगी की जा रही है। इस ठगी के शिकार अधिकतर महिलाएं हो रही है। महुआ के मुजफ्फरपुर रोड में एक संस्थान का नाम देकर कार्यालय खोलकर वार्ड शिक्षक और शिक्षिका के लिए नौकरी बाटी जा रही है। इसके लिए उनसे 2 से 5 हजार तक रुपए की अवैध वसूली की जा रही है। लोगों को वार्ड शिक्षक और शिक्षिका बनाने के लिए रुपए की वसूली की जा रही है। लोगों का कहना है कि यहां दो बार पुलिस द्वारा छापेमारी भी की गई और 2 सदस्यों को हिरासत में भी लिया गया था। इसके बावजूद यहां ठगी का कार्य जारी है। महुआ रामराय के लोगों ने बताया कि अगरबत्ती प्रशिक्षण केंद्र, शिक्षण संस्थान, कांस्टेजेंसी ट्रस्ट, जन साथी शिक्षा केंद्र आदि के कार्यालय खोलकर लोगों की ठगी की जा रही है। उनके दलाल गांव-गांव में घूमकर लोगों को नौकरी दिलाने के नाम पर कार्यालय में ले जाते हैं और उन्हें एक चिरकुट थंमा कर रुपए ठग ले जाते हैं। सोचनीय बात तो यह है कि ऐसे फर्जी ट्रस्ट और संस्थान का कोई जानकारी किसी कार्यालय को नहीं है। यहां एसयूसीआई के ललित कुमार घोष, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के विश्वनाथ विप्लवी, पिंकी कुमारी, सफदर इरशाद, प्रकाश कुमार आदि ने ऐसे फर्जी संस्थान पर कार्रवाई करने की मांग की है।
