महुआ ताजपुर मार्ग को सड़क के बीच टायर जलाकर जाम करने के बाद सरकार के विरोध में जमकर प्रदर्शन किया।
पातेपुर से मोहम्मद एहतेशाम पप्पु एवं बब्लू मिश्रा की रिपोर्ट।
भारतीय सेना भर्ती के लिए सरकार की नई योजना अग्निपथ का एलान होते ही जगह जगह पर विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया है। सरकार द्वारा जारी योजना के विरोध में पातेपुर में बहुआरा एवं बरडीहा गांव में सेना भर्ती की तैयारी करने वाले युवाओं ने पातेपुर के बहुआरा शिव मंदिर के समीप एवं बरडीहा ढकही मंदिर के समीप महुआ ताजपुर मार्ग को सड़क के बीच टायर जलाकर जाम करने के बाद सरकार के विरोध में जमकर प्रदर्शन किया।
सड़क जाम कर प्रदर्शन कर रहे युवाओं ने भारत माता की जय के नारे के साथ केंद्र सरकार से टीओडी पॉलिसी वापस लेने की मांग को लेकर लगातार नारेबाजी कर रहे थे।इस दौरान सड़क पर टायर जलाकर आगजनी भी की गई।गुरुवार की सुबह से ही यातायात जाम होने के कारण दोनों ओर गाड़ियों की लंबी लाइनें लग गई। जिससे यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। आक्रोशित युवाओं का आरोप था कि सरकार सेना बहाली के नाम पर उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। युवाओं का कहना था कि पहले जिन लोगों ने मेडिकल और दौड़ क्वालीफाई कर लिया है.उनकी लिखित परीक्षा को रद्द कर दिया गया है।यह लोग तत्काल सरकार से सेना भर्ती की नई योजनाओं को वापस लेने की मांग कर रहे थे। अभ्यर्थियों द्वारा सड़क जाम की सूचना मिलते ही मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल के जवानों के साथ पातेपुर थानाध्यक्ष शुभांक मिश्रा पहुंच गए। मौके पर पहुंच कर श्री मिश्रा ने लगभग दो घंटे तक सड़क जाम के बाद लोगो को समझा बुझा कर सड़क से लोगो को हटाकर उक्त मार्ग पर वाहनों का आवागमन शुरू कराया।
