April 18, 2026

NR INDIA NEWS

News for all

लूटे गए आभूषण में से 27 किलो से अधिक चांदी और पौने तीन सौ ग्राम सोना बरामद

लूटे गए आभूषण में से 27 किलो से अधिक चांदी और पौने तीन सौ ग्राम सोना बरामद
दो बड़ी घटना को अंजाम देने की ताक में था मास्टर माइंड, एसटीएफ और महुआ पुलिस ने चलाया संयुक्त अभियान
लूट की घटना को उद्भेदन करने वाले टीम होंगे पुरस्कृत: एसपी
महुआ, नवनीत कुमार
महुआ बाजार के पातेपुर रोड स्थित श्रीकृष्णा ज्वेलर्स से हुई बड़ी लूट की घटना का उद्भेदन महुआ पुलिस ने एसटीएफ के सहयोग से की है। इस लूट में शामिल मास्टरमाइंड सहित तीन को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में लूटे गए आभूषण को भी बरामद करने में सफलता पाई है। इस सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले महुआ डीएसपी, एसटीएफ, डीआईयू, एसआईटी की टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा एसपी ने की है।
सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी देते हुए एसपी मनीष ने बताया कि महुआ बाजार के श्रीकृष्णा ज्वेलर्स से बीते 02 जून को हुई डकैती मामले में पुलिस को बड़ी उपलब्धि हाथ लगी है। इस घटना को अंजाम देने वाले मास्टर माइंड समस्तीपुर के घटहो निवासी चंदन साह उर्फ चंदन सोनार को दो साथियों समस्तीपुर उजियारपुर महेशपट्टी के अरुण कुमार पोद्धार तथा पटना सिटी के विक्की कुमार के साथ एसटीएफ की टीम ने पकड़ा। जिससे उसके निशानदेही पर समस्तीपुर के उजियारपुर में छापेमारी की गई। जहां 27.300 किलोग्राम चांदी, 273 ग्राम से अधिक सोना के अलावा 43,120 रुपए बरामद किए गए हैं। एसपी श्री मनीष ने बताया कि इस मिशन लूट में 40 किलो के करीब चांदी और सवा 700 ग्राम सोना बरामद किए जा चुके हैं। इस घटना में अंजाम देने वाले, रेकी करने वाले, सामान खरीदने वाले सहित कुल 14 लोग पकड़े गए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि पकड़े गए अपराधी के द्वारा कई राज खोले गए हैं। जिससे निशानदेही पर पुलिस अगली कार्रवाई कर रही है। इसमें अभी आगे और उपलब्धि हासिल होगी।
महुआ में पहले भी बड़ी घटना का अंजाम दे चुका है चंदन:
डकैती का मास्टरमाइंड चंदन सोनार महुआ में पहले भी बड़ी लूट की घटना का अंजाम दे चुका है। एसपी ने बताया कि 2 साल पूर्व महुआ थाने के पास एक स्वर्ण दुकान से भीषण लूट की थी। यहां फायरिंग करते हुए वह भाग निकला था। उन्होंने यह भी बताया कि चंदन सोनार का वैशाली जिला में अपराध ग्राफ अधिक है। इसके पूर्व पातेपुर के बलिगांव थाना अंतर्गत मालपुर सहित कई जगहों पर अपराधिक घटनाएं की है। इस तरह जिले में पांच अपराधिक घटना में वह शामिल है। साथ ही समस्तीपुर, बेगूसराय सहित कई जिले में घटना में पुलिस को उसकी तलाश थी। एसपी ने बताया कि पकड़े गए चंदन और उसके साथी के पास से तीन देसी, कट्टा 7 जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं। अग्नेयास्त्र बरामदगी मामले में उजियारपुर थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। जबकि लूट के सामान बरामद की का मामला महुआ थाने में दर्ज की गई है।
पुरस्कृत होंगे छापेमारी दस्ता: एसपी
एसपी मनीष ने बताया कि लूट के उद्भेदन करने वाले छापे मार दस्ता टीम को पुरस्कृत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि महुआ डीएसपी पूनम केसरी, थानाध्यक्ष प्रभात रंजन सक्सेना के अलावा टीम में शामिल विभिन्न दस्तों को पुरस्कृत की जाएगी। ताकि उनका मनोबल ऊंचा रहे। मालूम हो कि महुआ पातेपुर रोड बाजार के श्रीकृष्णा ज्वेलर्स से 3 किलो के करीब सोना 1 क्विंटल चांदी के अलावा ढाई लाख रुपए की लूट हुई थी। यह दिनदहाड़े हुई लूट से लोग काफी अचंभित थे। अपराधियों ने घटना को इस कदर अंजाम दिया था कि किसी को पता तक नहीं चला था। अपराधी घटना का अंजाम देने के बाद आसानी से निकल भागे थे। दुकानदार गोपाल साह के अलावा उनके कर्मी को बंधक बनाकर अपराधियों ने पिटाई भी की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.