मीरपुर पताढ में आयोजित कुश्ती देखने को उमड़ी भीड़ स्थानीय पहलवानों ने भी कुश्ती में ठोके ताल
मीरपुर पताढ में आयोजित कुश्ती देखने को उमड़ी भीड़
स्थानीय पहलवानों ने भी कुश्ती में ठोके ताल
महुआ, नवनीत कुमार
पुरानी परंपरा को उजागर करने के लिए यहां मीरपुर पताढ में दंगल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस दंगल में पहलवानों ने दांव-पेच खूब आजमाएं। यहां स्थानीय पहलवानों ने भी ताल ठोककर कुश्ती में जबरदस्त आजमाइश की। कुश्ती को देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। यहां लोगों ने पुरानी परंपरा को याद ताजा किया।
इस कुश्ती में भगवानपुर प्रखंड अंतर्गत दोहजी के गोपाल साह और राजापाकर प्रखंड के पताढ निवासी उमेश शर्मा के बीच जबरदस्त दांवपेच चले। इसमें उमेश शर्मा ने अपने प्रतिद्वंदी गोपाल साह को चितकर शिकस्त दी। इसी तरह राजापाकर प्रखंड के मुकुंदपुर निवासी मिथुन राय और महुआ के सेमोपट्टी निवासी ललन पासवान के बीच में जोरदार मुकाबला हुआ। इसमें मिथुन राय ने बाजी मारी। महुआ के सेमोपट्टी निवासी मोहन पासवान और राजापाकर के पताढ निवासी वीरेंद्र कुमार सिंह के बीच जोरदार मुकाबला हुआ। इसमें पताढ के वीरेंद्र कुमार सिंह ने खूब दावपैच आजमाएं और प्रतिद्वंदी सोहन पासवान को चित कर बाजी मारी। इस तरह अन्य ग्रामीण पहलवानों ने भी यहां दांवपेच आजमाएं। दंगल प्रतियोगिता के आयोजक संजय कुमार शर्मा उर्फ गुड्डू ने सोमवार को बताया कि गांव से विलुप्त हो रही पुरानी परंपरा को जागृत करने के लिए इस दंगल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। उन्होंने बताया कि यहां दंगल में भाग लेने के लिए कई गांवों से लोग पहुंचे। कार्यक्रम को देखकर लोग आनंदित भी हुए।
