March 11, 2026

NR INDIA NEWS

News for all

जिले में दो चरणों में चलेगा मिशन परिवार विकास अभियान

जिले में दो चरणों में चलेगा मिशन परिवार विकास अभियान

– 05 से 12 मार्च तक दंपति संपर्क सप्ताह व 13 से 25 मार्च तक चलेगा परिवार नियोजन सेवा पखवाड़ा
– ई. रिक्शा के द्वारा लोगों को किया जाएगा जागरूक 

रिपोर्ट नसीम रब्बानी

मोतिहारी, 04 मार्च। जिले में दो चरणों में मिशन परिवार विकास अभियान चलाया  जाएगा । इसे लेकर राज्य स्वास्थ्य समिति बिहार के कार्यपालक निदेशक संजय कुमार सिंह ने सभी जिलों के जिलाधिकारी और सिविल सर्जन को पत्र जारी किया है।

05 से 12 मार्च  तक चलेगा दंपति संपर्क सप्ताह:

सिविल सर्जन डॉ अंजनी कुमार ने बताया कि मिशन परिवार विकास अभियान के पहले चरण में 05 से 12 मार्च  तक जिला भर में दंपति संपर्क सप्ताह मनाया जाएगा। वहीँ डीसीएम नन्दन झा ने बताया कि इस दौरान ग्रामीण स्तर पर आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, जीविका दीदी, विकास मित्र योग्य दंपतियों से मिलकर उन्हें परिवार नियोजन के स्थाई और अस्थाई साधनों को अपनाने के लिए जागरूक करेंगे। इसके साथ ही अभियान के दूसरे चरण में 13 से 25 मार्च तक परिवार नियोजन सेवा पखवाड़ा मनाया जाएगा। इस दौरान जिला के सभी स्वास्थ्य संस्थानों में योग्य दंपतियों को परिवार नियोजन के स्थाई साधन के रूप में महिला बंध्याकरण और पुरुष नसबंदी की सेवा उपलब्ध कराते हुए अस्थाई साधन के रूप में कॉपर टी लगवाने और गर्भनिरोधक गोली और इंजेक्शन के साथ – साथ कंडोम भी उपलब्ध कराया जाएगा।

ई.रिक्शा (सारथी रथ) से होगा प्रचार – प्रसार:

डीसीएम नन्दन झा ने बताया कि परिवार नियोजन के प्रति आम जनों को जागरूक करने के उद्देश्य से ई.रिक्शा (सारथी रथ) के माध्यम से राज्य स्वास्थ्य समिति के दिशा निर्देश के अनुसार एवम स्थानीय स्तर पर तैयार रूट चार्ट के अनुसार जिला के सभी प्रखंडों और शहरी क्षेत्रों में प्रचार – प्रसार किया जाएगा। ई. रिक्शा पर संबंधित क्षेत्र की आशा फैसिलिटेटर को प्रतिनियुक्त करते हुए उन्हें प्रचार प्रसार का दायित्व सौंपा गया है ताकि उनके द्वारा स्थानीय आशा कार्यकर्ता से समन्वय स्थापित करने के साथ – साथ आम लोगों के द्वारा गर्भ निरोधक का अस्थाई उपाय जैसे गर्भ निरोधक गोली, कंडोम की मांग करने पर उन्हें उक्त स्थल पर ही उपलब्ध करायी  जा सके। इसके लिए संबंधित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के द्वारा ई.रिक्शा पर कॉन्ट्रासेप्टिक डिस्प्ले ट्रे एवं कंडोम बॉक्स में सामग्री उपलब्ध करायी  जाएगी ।

स्वास्थ्य केंद्रों पर हो रहा है परिवार नियोजन दिवस का आयोजन:

उन्होंने बताया कि राज्य स्वास्थ्य समिति बिहार के दिशा- निर्देश के अनुसार प्रत्येक महीने की  21 तारीख को जिला के सभी प्राथमिक/सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और क्रियाशील हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर (एपीएचसी और एचएससी ) में परिवार नियोजन दिवस का लगातार आयोजन किया जा रहा है।  जहां योग्य  दंपतियों को परिवार नियोजन के स्थाई और अस्थाई उपायों की  विस्तार पूर्वक जानकारी देते इसके लिए प्रेरित किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.