अड़ंंगा लगाए जाने के कारण नहीं बन रहा नहर पुल
अड़ंंगा लगाए जाने के कारण नहीं बन रहा नहर पुल
नहर में पानी आ जाने पर कई गांवों के लोगों का होगा संपर्क भंग, पुल नहीं बनने से किसानों को खेती करने में भी आएगी बाधा
महुआ। रेणु सिंह
घागरा नहर पर पुल नहीं बनने के कारण कई गांवों के लोगों को आने-जाने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अगर नहर में पानी आ गई तो लोगों को दूसरी ओर जाने से संपर्क भंग हो जाएगा और यहां तक की अधिकतर किसानों को खेती करने में भी बाधा उत्पन्न हो जाएगी।
महुआ थाने के बिरना में घाघरा नहर पर कुछ लोगों द्वारा पुल बनने देने में अवरोध पैदा किया जा रहा है। यहां संवेदक द्वारा नया से पुल बनाने के लिए सारी प्रक्रिया की गई है। जबकि इसे बनने देने में अवरोध पैदा किए जाने से निर्माण कार्य ठप पड़ा है। यह ग्रामीण कार्य विभाग की लगभग 2 किलोमीटर लंबी सड़क रानीपोखर से निकल कर सड़क कर्णपुरा, बिरना होते हुए रामपुरानी आदि विभिन्न गांवों को जाती है। इस तरफ से हजारों लोग प्रतिदिन आया जाया करते हैं। जहां बिरना गांव में घागरा नहर पर पुल बनने में देरी होने से स्थानीय लोगों को चिंता बनी है। उनका कहना है कि अगर नहर में पानी आ गई तो दूसरी ओर का संपर्क भंग हो जाएगा।
एक लाख की आबादी की हो रही परेशानी:
महुआ थाना के बिरना में घाघरा नहर पर पुल नहीं बनने से एक लाख से भी अधिक की आबादी प्रभावित हो रही है। अभी तो डायवर्सन से किसी तरह लोग निकल जाते हैं। अगर नहर में पानी आ गई तो उन्हें 5 किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय कर दूसरी छोड़ जाना पड़ेगा। यहां के किसानों को नहर के दूसरी छोड़ पर खेती भी होती है। जिसमें नहर पर पुल नहीं होने से फसल उगाना मुश्किल हो जाएगा। पुल से उत्तरी छोड़ के रानीपोखर, डुमरी, कर्णपुरा, लगुरांव, बिलंदपुर, पताढ, बखरी आदि गांव के लोगों का आना जाना होता है। वही दक्षिणी छोड़ के रामपुरानी, नारायणपुर, बेलकुंडा, सूरतपुर आदि लोगों का आना जाना होता है। सबसे बड़ी बात तो यह है कि दक्षिणी छोड़ के छात्र-छात्राएं पढ़ाई करने के लिए कर्णपुरा हाईस्कूल आते हैं। पुल नहीं बनने से उनकी पढ़ाई चौपट हो जाएगी। ग्रामीण कार्य विभाग के आवेदन पर सीओ द्वारा उक्त स्थान पर छह दशक अधिक से ही पुल होना बताया गया है। इधर संवेदक राजदेव राय द्वारा गुरुवार को पूछने पर बताया गया कि मुख्यमंत्री योजना से सड़क बन रही है। यहां घागरा नहर पर पुल बनाने के लिए तैयारी में है। पदाधिकारियों द्वारा आदेश मिलते ही पुल बनाना शुरू कर दिया जाएगा।
