मोटे अनाज वाली फसल को बढ़ावा देने के लिए किसानों को प्रोत्साहित करें-जिलाधिकारी
मोटे अनाज वाली फसल को बढ़ावा देने के लिए किसानों को प्रोत्साहित करें-जिलाधिकारी
रिपोर्ट प्रभंजन कुमार
हाजीपुर, जिला कृषि टास्क फोर्स की अपने कार्यालय कक्ष में बैठक करते हुए जिलाधिकारी के द्वारा जिला कृषि पदाधिकारी को मोटे अनाज वाली फसलों को लगाने के लिए जिला के किसानों को प्रोत्साहित करने का निर्देश दिया गया। मोटे अनाज (मिलेट्स) जैसे ज्वार, बाजरा, कोदो का बाजार में बढ़ती हुयी मांग को देखते हुए वैशाली जिला को मिलेट्स उत्पादन का हब बनाया जा सकता है। इसके लिए प्रत्येक प्रखंड में कम से कम 50 किसानों को प्रोत्साहित करें जो इसमें रूचि रखते हो उन्हें सरकार द्वारा देय सभी सुविधाये दी जाय। किसानों को इसकी ट्रेनिंग दी जाय तथा उन्हें बीज उपलब्ध कराने की व्यवस्था बनायी जाय। जिलाधिकारी ने कहा कि हाजीपुर औद्योगिक क्षेत्र में स्थापित उद्योग में इसके कच्चे माल की जरूरत तलासी जाएगी और किसानों को सीधे जोड़ा जाएगा। इसके लिए माईक्रो प्लान बनाने का निर्देश दिया गया। डीसीएलआर हाजीपुर को इसका नोडल बनाया गया है।
जिलाधिकारी के द्वारा कृषियंत्रीकरण को बढ़ावा देने के लिए हाजीपुर स्थित अक्षयवट राय स्टेडियम में 04 एवं 05 दिसम्बर को कृषि यंत्रीकरण मेला लगाकर सरकार द्वारा निर्धारित सब्सिडी दर पर किसानों को कृषि यंत्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। जिला कृषि पदाधिकारी के द्वारा बताया गया कि डीजल अनुदान के अंतर्गत, जिला के 6403 किसानों को 78 लाख 25 हजार की राशि का भुगतान कराया गया है।
उर्वरकों की उपलब्धता के बारे में पूछने पर कृषि पदाधिकारी ने बताया कि जिला को 21975 मे0 टन यूरिया का आवंटन प्राप्त है जिसमें अभी 19415 मे0 टन यूरिया उपलब्ध है। उर्वरको का वितरण अच्छादन के अनुसार प्रखंडों को किया गया है। किस दुकान पर कौन सा फर्टिलाइजर कितनी मात्रा में उपलब्ध है इसका प्रतिवेदन प्रतिदिन बनाया जाता है और ग्रुप ने डाला जाता है। धान फसल कटाई के बारे में बताया गया कि अभी 52 प्रतिशत कटाई की गयी है। 2023-24 में अनुदानित दर पर रबी का बीज किसानों को उपलब्ध कराने के लिए 9903 क्वींटल के लक्ष्य के विरूद्ध अभी तक 30 प्रतिशत बीज का वितरण किया गया है। जिला में 12196 किसानों का ऑनलाईन आवेदन प्राप्त है।
कालाबाजारी रोकने के लिए की गयी कार्रवाई के बारे में पूछने पर कृषि पदाधिकारी ने बताया कि हाजीपुर अनुमंडल में 38, महनार में 33 और महुआ अनुमंडल में 42 छापेमारी सहित कुल 113 छापेमारी जिला में करायी गयी है। परन्तु कहीं भी अनियमितता नहीं पायी गयी है। जिला में थौक उर्वरक विक्रेताओं की संख्या 35. सामान्य खुदरा उर्वरक विक्रेताओं की संख्या 553. पैकस उर्वरक विक्रेताओं की संख्या 25 बतायी गयी।
मिट्टि के नमूनों की जाँच एवं स्वायल हेल्थ कार्ड के बारे में जिलाधिकारी ने पूछ-ताछ की जिस पर बताया गया कि प्रत्येक प्रखंड के दो-दो गाँवों अर्थात कुल 32 गाँव की मिट्टि का 6047 नमूना लिया गया है जिसमें 2445 नमूनों की प्रयोगशाला में जाँच करायी गयी है। वर्तमान में 1136 स्वायल हेल्थ कार्ड वितरण किया गया है अभी 364 कार्ड और बना है। जिसका शीघ्र वितरण कर दिया जाएगा। स्वायल हेल्थ कार्ड के अनुसार किसानों को उर्वरकों के उपयोग एवं फसल के संबंध में जानकारी दी जाती है।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के विषय में बताया गया कि जिला में कुल 205755 किसानों का ई-केवाईसी कराना था जिसमें 94 प्रतिशत का करा दिया गया है एवं शेष का किया जा रहा है। वर्तमान में 191000 किसानों का आधार सिडिंग भी करा दिया गया है। जिला में 6281 किसानों की पहचान अवैध लाभूक के रूप में की गयी है। जिसमें राशि की वसूली की जा रही है। जिलाधिकारी के पूछने पर बताया गया कि ये किसान पति-पत्नी, शिक्षक, सेवानिवृत कभी और आयकर दाता है जिनका पहचान किया गया है। बैठक में टास्क फोर्स से संबंधित सभी विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।
