बत्तीस वर्षों से ठगी के शिकार हैं दलित, पिछड़ा और अल्पसंख्यक समाज – जन सुराज
बत्तीस वर्षों से ठगी के शिकार हैं दलित, पिछड़ा और अल्पसंख्यक समाज – जन सुराज
(प्रदेश मुख्य प्रवक्ता ने किया प्रवक्ता कार्यशाला को संबोधित) रिपोर्ट सुधीर मालाकार।
वैशाली ! हाजीपुर, बत्तीस वर्षों से बिहार की सरकार चलाने वाले राजद, जदयू और भाजपा की सरकारों ने अति पिछड़ों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों, दलितों और समाज के सभी वर्गों की हकमारी कर बिहार को रसातल में धकेल दिया है। प्रशांत किशोर के नेतृत्व वाले जन सुराज से ही बिहार का कायाकल्प संभव है। उक्त बातें आज यहां पत्रकारों से बातचीत में जन सुराज के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय कुमार ठाकुर ने कही। उन्होंने कहा कि जन सुराज के प्रणेता प्रशांत किशोर ने स्पष्ट कहा है कि पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों के कल्याण की बात कर सत्ता में बैठे लोगों ने उनसे झूठ बोल कर वोट तो लिया पर उनके विकास और बेहतरी के लिए कुछ भी नहीं किया। प्रशांत किशोर जी ने कहा है कि बिहार का वार्षिक बजट दो सौ छेयालिस लाख करोड़ रुपए का है। इसमें साठ फीसदी बजट वाले विभाग मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के पास हैं। वे दोनों क्यों नहीं इन विभागों को दलितों अल्पसंख्यकों और अति पिछड़ों के विधायकों में बांट रहे हैं? क्यों नहीं किसी अल्पसंख्यक को उप मुख्यमंत्री अथवा गृह मंत्री बना रहे हैं। प्रशांत किशोर ने सवाल उठाया है कि बत्तीस वर्षों से लालू जी, नीतीश कुमार- भाजपा गठबंधन की सरकार रही और फिर अभी नीतीश – तेजस्वी की सरकार चल रही है। इन्हें गरीबों, दलितों, अल्पसंख्यकों, पिछड़ों,अति पिछड़ों तथा समाज के सामान्य वर्गों के लोगों के विकास करने और रोजगार देने से किसने रोका है? उन्होंने कहा है कि ये दोनों नेता केवल झूठ बोलते हैं, लोगों को जात-पांत के नाम पर भड़काकर वोट ठगते हैं और उस समाज के लिए न कुछ किया है और न कभी कुछ करने वाले हैं।
प्रदेश मुख्य प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी श्री ठाकुर आज़ यहां वैशाली जिले के सभी जिला,सभी प्रखंड व सभी अनुमंडल प्रवक्ताओं के आयोजित कार्यशाला सह प्रशिक्षण शिविर को संबोधित करने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने सभी प्रवक्ताओं से जन सुराज के संस्थापक और पदयात्रा अभियान के सूत्रधार प्रशांत किशोर जी की सोंच को जन जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने की नसीहत दी। कार्यशाला की अध्यक्षता जिला प्रवक्ता सुधीर मालाकार ने की जबकि प्रखण्ड प्रवक्ता नागेन्द्र कुमार, राजीव कुमार सिंह, जिला कार्यालय प्रभारी अरुण कुमार बैठा , शराफ़त ख़ान समेत अनेक जन सुराजी उपस्थित थे।
