उदयीमान भास्कर के अर्ध्य के साथ चार दिवसीय महापर्व छठ संपन्न
उदयीमान भास्कर के अर्ध्य के साथ चार दिवसीय महापर्व छठ संपन्न
पर्व को लेकर आस्था और भक्ति रही परवान पर, पर्व पर एक दूसरे को सहयोग करने की दिखी भावना
महुआ। रेणु सिंह
लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ शुक्रवार को उदयीमान भास्कर के अर्ध्य के साथ संपन्न हो गया। पर्व को लेकर लोगों में भक्ति और आस्था परवान पर रही।
इधर पर्व संपन्न होते ही प्रसाद पहुंचने के लिए भी लोगों में होड़ रही।
महापर्व लोगों में एकता, भाईचारा, अपनत्व, सहिष्णुता और एक दूसरे को मदद की भावना सिर चढ़कर बोली। महुआ के वाया नदी तट पर कालीघाट, पुलघाट, भुतहा जान घाट, सिंहराय पूर्वी घाट, पकड़ी घाट, गरजौल, गोरीगामा, कढनिया, कुशहर, छतवारा, सिंघाड़ा, मकसूदपुर, डगरू आदि घाट पर व्रतियों की भीड़ रही। इधर रानीपोखर, सरसई सरोवर, सुरतपुर पोखर, लक्ष्मीपुर, सेहान, हरपुर मिर्जानगर हाईस्कूल परिसर पोखर, फुलवरिया पूर्वी आदि पर अर्ध्यदान की रस्म अदाएगी की गई। इधर घाघरा और गंडक नहर सहित अधिकतर जलाशय सुखे होने के कारण श्रद्धालु घर पर ही गड्ढे खोदकर पर्व का अनुष्ठान किया। पर्व पर हर व्यक्ति एक दूसरे को मदद में लगा था। छठी मैया के पर्व पर पवित्रता का पूरा ख्याल श्रद्धालुओं द्वारा रखा गया। गुरुवार की शाम व्रतियों द्वारा अस्ताचलगामी सूर्य को अर्ध्य दिया गया। घर पर ही लोग गड्ढे को आकर्षक रूप से सजा रखे थे। जहां पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुट गई। महिलाओं द्वारा छठ गीतों से इलाका भक्ति में लीन रहा।
