May 16, 2025

NR INDIA NEWS

News for all

राजद द्वारा सदस्यों की अन्तिम सूची प्रकाशित, लक्ष्य से 7 लाख ज्यादा -चित्तरंजन गगन,रा.सहा.निर्वा.पदाधि. 

1 min read

राजद द्वारा सदस्यों की अन्तिम सूची प्रकाशित, लक्ष्य से 7 लाख ज्यादा -चित्तरंजन गगन,रा.सहा.निर्वा.पदाधि. 

रिपोर्ट:नसीम रब्बानी, बिहार 

राजद द्वारा सदस्यों की अन्तिम सूची प्रकाशित — लक्ष्य से 7 लाख ज्यादा – 17 मई को जिला चुनाव पदाधिकारीयों की बैठक के साथ हीं चुनावी प्रक्रिया शुरू

पटना 16 मई 2025 ; राष्ट्रीय जनता दल द्वारा संगठन सत्र 2025 – 2028 के लिए बनाए गए सदस्यों की सूची का अन्तिम प्रकाशन आज कर दिया गया। पार्टी के राष्ट्रीय निर्वाचन पदाधिकारी डॉ रामचन्द्र पूर्वे द्वारा पार्टी के राष्ट्रीय सहायक निर्वाचन पदाधिकारी चित्तरंजन गगन, राज्य निर्वाचन पदाधिकारी डॉ तनवीर हसन, सहायक राज्य निर्वाचन पदाधिकारी ई अशोक यादव, देव किशुन ठाकुर एवं सारिका पासवान की उपस्थिति में आज सदस्यों की अन्तिम सूची प्रकाशित कर दी गई। इसके साथ हीं सांगठनिक चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इस सिलसिले में कल 17 मई को जिला निर्वाचन पदाधिकारियों एवं सहायक जिला निर्वाचन पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है जिसमें उन्हें सदस्यों की प्रमाणिक सूची सौंपी जाएगी। उन्हें मातहत ईकाइयों में चुनाव पदाधिकारी मनोनीत कर संवैधानिक और पारदर्शी तरीके से राष्ट्रीय कार्यकारिणी द्वारा निर्धारित कार्यक्रमों के अनुसार चुनाव सम्पन्न कराने की जिम्मेदारी दी गई है।
उक्त जानकारी देते हुए पार्टी के राष्ट्रीय सहायक राष्ट्रीय निर्वाचन पदाधिकारी चित्तरंजन गगन ने बताया कि राष्ट्रीय निर्वाचन पदाधिकारी डॉ रामचन्द्र पूर्वे द्वारा प्रकाशित सूची के अनुसार राजद ने कुल एक करोड़ छ: लाख संतानवे हजार (1,6,97000)से अधिक सदस्य बनाये हैं, जो निर्धारित लक्ष्य एक करोड़ से लगभग सात लाख अधिक है।
बिहार में पहले से बने सदस्यों के रिनुअल और नये बनाये गये सदस्यों की कुल संख्या मिलाकर 98 लाख 64 हजार 203 है. वहीं झारखंड सहित अन्य दूसरे प्रदेशों में रिनुअल और नये बनाये गये सदस्यों की कुल संख्या आठ लाख 32 हजार 806 हो गयी है। नये बनाए गए सदस्यों में नौजवानों की संख्या सर्वाधिक है। राजद की सदस्यता ग्रहण करने वालों में लगभग सात लाख से ज्यादा ऐसे नौजवान है जो इस बार बिहार विधानसभा चुनाव में फर्स्ट टाइम वोटर बनने वाले हैं। इस बार के सदस्यता अभियान की एक और खास बात यह है कि 77 हजार से ज्यादा मतदान केन्द्रों पर राजद के कम से कम दो क्रियाशील सदस्य निश्चित रूप से बने हैं जिसमें समाज के सभी वर्गों के लोग शामिल हैं।

श्री गगन ने बताया कि बिहार के सभी 534 प्रखंडों, 3320 वार्डों और 8463 पंचायतों में चुनाव पदाधिकारी मनोनीत कर दिये गए हैं। 29 मई तक सभी प्राथमिक ईकाईयों, पंचायत इकाईयों एवं प्रखंड इकाईयों के सदस्यों का चुनाव सम्पन्न हो जाएगा। 31 मई से 02 जून के बीच प्रखंड ईकाइयों एवं प्रखंडों से जिला परिषद के सदस्यों का और 5 जून से 11 जून के बीच जिला ईकाईयों एवं राज्य परिषद के सदस्यों का चुनाव होगा। सभी राज्यों में 13 जून को राज्य परिषद के सदस्यों की सूची के अन्तिम प्रकाशन के साथ हीं राज्य ईकाई के चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी और 21 जून को प्रदेश अध्यक्ष, राज्य कार्यकारिणी के सदस्य तथा राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों का चुनाव होगा । 24 जून को राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों की सूची के अन्तिम प्रकाशन के साथ हीं राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी और पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर 5 जूलाई को राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव होगा।

उल्लेखनीय है कि 19 सितम्बर 2024 को पार्टी के सदस्यता अभियान की शुरुआत करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद द्वारा दिल्ली में और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव द्वारा पटना में कम से कम एक करोड़ सदस्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.