दीपोत्सव के साथ गोष्ठी में श्रद्धालुओं को दिए गए गुरु संदेश
दीपोत्सव के साथ गोष्ठी में श्रद्धालुओं को दिए गए गुरु संदेश
महुआ के परसौनियां गुदरी हाट पर तीन दिवसीय यज्ञ को लेकर भक्ति रही परवान पर, गुरु गोष्ठी में महिला श्रद्धालुओं की भीड़ से यज्ञ स्थल गुलजार
महुआ। रेणु सिंह

प्रखंड की परसौनिया गुदरी हाट स्थित शिव मंदिर परिसर में तीन दिवसीय 21 कुंडीय गायत्री महायज्ञ के समापन पर बुधवार की देर शाम दीपोत्सव कर गुरु गोष्ठी की गई। जिसमें श्रद्धालुओं को गुरु का संदेश दिया गया। उन्हें अपनी सनातन संस्कृति और वैचारिक प्रवृत्ति के बारे में जानकारी दी गई। इस गोष्ठी में महिला श्रद्धालुओं के भीड़ उमड़ी जिससे यज्ञ स्थल गुलजार हो उठा।
यहां पर तीन दिनों तक चली गायत्री महायज्ञ को लेकर यहां भक्ति और आस्था लोगों में सिर चढ़कर बोली।
यज्ञ में गायत्री परिवार की ओर से श्रद्धालुओं को देव पूजन, हवन के साथ विद्यार्थी और किसान गोष्ठी कर उन्हें विशेष जानकारी दी गई। शाम ढलने पर दीपोत्सव कार्यक्रम हुआ। जिसमें महिलाओं ने दीए जलाकर स्थल को जगमग कर दिया। वही महा भंडारा का आयोजन कर श्रद्धालुओं को खीर, पूरी, सब्जी का पंगत कराया गया। इस यज्ञ में महिला श्रद्धालुओं की अधिक भीड़ रही। कमेटी के बालेन्द्र सिंह, अखिलेश कुमार सुमन, डॉ अजय, डॉ विश्वनाथ, आरके डेयरी के रंधीर कुमार, सतीश कुमार महतो, देव चौधरी, रेखा चौधरी के साथ महिला मंडल ने सक्रिय भूमिका निभाई।
