स्कूल का वेंटीलेटर तोड़कर नगदी और चांदी के सिक्के ले गए चोर
स्कूल का वेंटीलेटर तोड़कर नगदी और चांदी के सिक्के ले गए चोर
महुआ बाजार में थाना से महज कुछ दूरी पर की घटना
महुआ। रेणु सिंह
स्कूल के कमरे का वेंटीलेटर तोड़कर चोर नगदी और चांदी के सिक्के सहित विभिन्न सामान चोरी कर ले गए। सबूत मिटाने के लिए चोर स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरे का हार्ड डिस्क भी खोलकर ले गए। घटना का अंजाम रविवार की रात महुआ थाना से महज कुछ दूरी पर जवाहर चौक स्थित एक निजी स्कूलों में दिया।
सोमवार की सुबह स्कूल संचालक को चोरी हो जाने की जानकारी मिली तो वे दौड़े दौड़े पहुंचे और सूचना डायल 112 के अलावा थाने को दी। यहां गुरुकुल स्कूल के संचालक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि कर उनके स्कूल के कार्यालय का वेंटीलेटर तोड़कर उसमें प्रवेश कर गए और गोदरेज तोड़कर बच्चों से वसूल कर रखे गए 45 हजार रुपए नगदी, लक्ष्मी और गणेश जी के पास रखें चांदी के पांच सिक्के को चोरी कर लिया। सीसीटीवी का हार्ड डिस्क भी चोर खोलकर ले गए। उन्होंने यह भी बताया कि बीते रविवार की शाम महुआ थाने के चौकीदार अंकित कुमार की बाइक उनके स्कूल के पास से चोरी हो गई थी। जिसके लिए उन्होंने चौकीदार के कहने पर स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरा को दिखा दिया था। इसके बाद उनके स्कूल से चोरी की घटना हुई। चोरों द्वारा उनके स्कूल के पास छोड़े गए लोहे का सामान के बारे में बताया गया कि बगल के घर में भी चोरी कर किवाड़ तोड़ने के लिए लाए समान यहां चोर ने छोड़ दिया। यह भी बताया गया कि उक्त जगह पर वरीय पुलिस पदाधिकारी के आवास के साथ मध निषेध का भी कार्यालय है। इसके बावजूद मोहल्ले में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही है।
