राष्ट्रीय आविष्कार अभियान अंतर्गत प्रखंड स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी एवं क्विज प्रतियोगिता आयोजित।
राष्ट्रीय आविष्कार अभियान अंतर्गत प्रखंड स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी एवं क्विज प्रतियोगिता आयोजित।
विभागीय दिशा निर्देश के आलोक में एवं प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, सुशील कुमार के निर्देशानुसार गोरौल प्रखंड स्थित उच्च विद्यालय गोरौल में राष्ट्रीय आविष्कार अभियान अंतर्गत प्रखंड स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी एवं क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन राजकीय मध्य विद्यालय ठिकहां के प्रधानाध्यापक डॉ सुदर्शन ने किया, जबकि आगत अतिथियों का स्वागत पीएम श्री उच्च विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक प्रशांत कुमार एवं मंच का संचालन शिक्षक उमेश कुमार प्रसाद सिंह ने किया। इस अवसर पर स्वागत गीत की प्रस्तुति रिचा रानी द्वारा की गई। शिक्षक कार्तिक कुमार ने बच्चों के उत्साह वर्धन के लिए एक ज्ञानवर्धक कविता की प्रस्तुति दी। प्रारंभिक एवं माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए प्रखंड एवं जिला स्तर पर संयुक्त रूप से राष्ट्रीय विज्ञान दिवस 2025 के थीम पर आधारित निम्न तीन विषयों पर विज्ञान प्रदर्शनी एवं क्विज प्रतियोगिता का आयोजन कराया जाना निश्चित है। पहला’ विकसित भारत के लिए विज्ञान और नवाचार में संभावनाएं’, दूसरा कृत्रिम बुद्धिमत्ता का उपयोग संभावनाएं और चुनौतियां तथा तीसरा क्वांटम युग का आगाज संभावनाएं और चुनौतियां शामिल है। निर्णायक मंडल के सदस्य उमेश कुमार प्रसाद सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों में मनोवैज्ञानिक मनोवृति का विकास करने, जिज्ञासा आधारित प्रयोग के अवसर उपलब्ध कराने तथा विज्ञान, गणित एवं प्रौद्योगिकी विषय के शिक्षण को रुचि कर बनाने के उद्देश्य राष्ट्रीय आविष्कार अभियान अंतर्गत विज्ञान प्रदर्शनी एवं क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई । यहां से चयनित प्रथम प्रतिभागियों को जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा। क्विज प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल के सदस्य उमेश कुमार प्रसाद सिंह,सुशील कुमार एवं मनोज कुमार सिंह के निर्णय के आधार पर कक्षा 9 से 12 में प्रज्ञा शास्त्री एवं विभूति भारती आरपीसीजे उच्च माध्यमिक विद्यालय बेलवर घाट गोरौल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया वहीं कक्षा 6 से 8 में नीलमणि गुप्ता एवं स्नेहा कुमारी उत्क्रमित मध्य विद्यालय धाने गोरौल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया । विज्ञान प्रदर्शनी प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल के सदस्य परिक्षित प्रजापति, प्रेम कुमार, मंजय कुमार एवं विपिन कुमार राम के निर्णय के आधार पर कक्षा 9 से 12 में प्रशांत कुमार एवं आयुष कुमार पीएम श्री उच्च विद्यालय गोरौल ने प्रथम वही कक्षा 6 से 8 में खुशी कुमारी एवं पीहू कुमारी यू एम एस रसूलपुर तुर्की दक्षिणी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। चयनित सभी प्रतिभागियों को 11 दिसंबर को जी ए इंटर स्कूल ,हाजीपुर में आयोजित प्रतियोगिता में भाग लेने का मौका मिलेगा। कार्यक्रम के अंत में उच्च विद्यालय गोरौल के प्रधानाध्यापक प्रशांत कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
