जीविका महुआ द्वारा पशु चिकित्सा सह जागरूकता शिविर आयोजित, 512 पशुओं का हुआ उपचार।
जीविका महुआ द्वारा पशु चिकित्सा सह जागरूकता शिविर आयोजित, 512 पशुओं का हुआ उपचार।
रिपोर्ट सुधीर मालाकार वैशाली
महुआ (वैशाली)। जीविका महुआ के तत्वावधान में शुक्रवार, 05 दिसंबर 2025 को जहांगीरपुर सलखनी पंचायत के पंचायत भवन परिसर में एक दिवसीय पशु चिकित्सा सह जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन डॉ. गणेश जी कृष्ण कुमार, डॉ. पवन पटेल, डॉ. मनोहर, जिला परियोजना प्रबंधक वंदना कुमारी, पशुधन प्रबंधक पवन कुमार सिंह , फार्म प्रबंधक संतोष कुमार तथा प्रखंड परियोजना प्रबंधक रवि कुमार सहित जीविका दीदियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
शिविर में 209 पशुपालक अपने 512 छोटे-बड़े पशुओं के साथ पहुंचे। भ्रमणशील पशु चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. गणेश जी कृष्ण कुमार, डॉ. पवन पटेल, डॉ. मनोहर तथा सहायक कर्मी प्रेम चंद्र सिंह और मुकेश कुमार की टीम ने सभी पशुओं की स्वास्थ्य जांच की। जांच के दौरान कई पशुओं में डायरिया, निमोनिया, सर्दी आदि बीमारियों के लक्षण पाए गए, जिनका मौके पर ही उपचार किया गया। सभी पशुपालकों को मुफ़्त दवा का वितरण किया गया।
चिकित्सा टीम ने सर्दी से बचाव के उपायों पर विस्तृत जानकारी देते हुए पशुपालकों को सलाह दी कि पशुओं को खुले स्थान पर न रखें, बल्कि पर्दे से घेरकर गर्म वातावरण में रखें। ठंडा पानी न पिलाकर ताजा और हल्का गुनगुना पानी देने की भी अपील की गई। शिविर में कई पशुओं का टीकाकरण भी किया गया।
प्रखंड परियोजना प्रबंधक रवि कुमार ने बताया कि लगभग 15 हजार रुपये मूल्य की दवाओं का वितरण पशुपालकों के बीच किया गया।
शिविर में जिला परियोजना प्रबंधक वंदना कुमारी, लाइवस्टॉक मैनेजर पवन सिंह, फॉर्म प्रबंधक संतोष कुमार, राजेश कुमार, सुकेश कुमार, कुमोद रंजन, राज बहादुर राय सहित जीविका के अन्य कैडर भी उपस्थित रहे।
