रविदास चेतना मंच द्वारा पटना में डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती श्रद्धा व उत्साह के साथ मनाई गई
रविदास चेतना मंच द्वारा पटना में डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती श्रद्धा व उत्साह के साथ मनाई गई
_रिपोर्ट: सुधीर मालाकार_
पटना रविदास चेतना मंच द्वारा प्रधान कार्यालय, पटना में भारत रत्न, संविधान निर्माता एवं देश के प्रथम विधि एवं न्याय मंत्री डॉ. बी.आर. अंबेडकर की जयंती श्रद्धा व उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर उनकी मूर्ति पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई तथा उनके विचारों को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर केवल एक महान व्यक्तित्व ही नहीं, बल्कि एक विचारधारा हैं, जिन्होंने सामाजिक न्याय, समानता और संवैधानिक अधिकारों की मजबूत नींव रखी। उनके संघर्ष और योगदान ने देश के करोड़ों वंचित, शोषित और कमजोर वर्गों को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का मार्ग दिखाया।
*राष्ट्रीय अध्यक्ष की प्रमुख मांगें*
इस अवसर पर रविदास चेतना मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मंत्री शिवचन्द्र राम ने सरकार से मांग करते हुए कहा कि यदि वास्तविक रूप में सामाजिक न्याय स्थापित करना है, तो शिक्षा के क्षेत्र में ठोस और प्रभावी कदम उठाना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने कहा:
– *प्रत्येक जिले में कम से कम 3 सरकारी बी.एड. कॉलेज* की स्थापना की जाए
– *अंबेडकर छात्रावास में रहने वाले छात्रों को भी ₹5000 मासिक सहायता* प्रदान की जाए
– *अंबेडकर आवासीय विद्यालयों में प्रत्येक विषय के शिक्षकों की शीघ्र बहाली* की जाए, ताकि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके
– *आरक्षण को संविधान की 9वीं अनुसूची में शामिल* किया जाए, ताकि सामाजिक न्याय और संवैधानिक अधिकारों की स्थायी सुरक्षा सुनिश्चित हो सके
उन्होंने कहा कि 14 अप्रैल केवल जयंती नहीं, बल्कि संकल्प का दिन है। हमें बाबा साहेब के आदर्शों को आत्मसात करते हुए एक समतामूलक, न्यायपूर्ण और सशक्त समाज के निर्माण हेतु निरंतर कार्य करना होगा।
कार्यक्रम में विधायक सुबेदार दास, अखिलेश कुमार, संजय राम, अनिल कुमार, वीरेंद्र कुमार, नरेश पासवान, मो. इकबाल, मो. मोसिन, मुन्ना राम, भूषण कुमार एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
