श्राद्ध कार्यक्रम में बाल- बालाओं के साथ ठुमका लगाना पड़ा महंगा, एसपी ने की त्वरित कार्रवाई
अमित कुमार झा, रजौन/ बांका
बांका जिले के अमरपुर में श्राद्ध कार्यक्रम में आयोजित आर्केस्ट्रा (बाल-बालाओं) में दो युवकों को हथियार के साथ डांस करना महंगा पड़ गया। युवक जब स्टेज पर डांस कर रहा था, उसी वक्त किसी ने उसकी वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। वायरल वीडियो की जांच एसपी अरविंद कुमार गुप्ता ने अमरपुर थानाध्यक्ष सफदर अली को सौंपी। जांच के बाद पुलिस ने पाया कि वीडियो अमरपुर के तेतरिया किशनपुर की है, जहां एक श्राद्ध कार्यक्रम में आर्केष्ट्रा पर दो युवक एक दोनाली बंदूक व मास्केट के साथ डांस कर रहा है। एसपी ने जानकारी देते हुए बताया कि किशनपुर गांव में जब पुलिस ने मिथिलेश कुमार व राजेश यादव के घर में छापेमारी की तो राजेश यादव पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल रहा, जबकि मिथिलेश के घर से पुलिस ने बंदूक, मास्केट व दो गोली बरामद करने में सफलता पाई। एसपी ने बताया कि फरार राजेश यादव पर आधे दर्जन से अधिक लूट व छिनतई का मामला दर्ज है। वह कुछ समय से जमानत पर बाहर था। वहीं, फरार राजेश यादव की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। एसपी ने बताया कि मिथिलेश को स्पीडी ट्रायल चलाकर सजा दिलाई जाएगी।