बांका जिला मुख्यालय से सटे ओढ़नी डैम की तस्वीर बदल गई है। यहां जिला प्रशासन के द्वारा नौका विहार शुरू करने के बाद लोगों का मन और भी ओढ़नी डैम मोह रहा है। रोजाना सैकड़ों लोग अपने परिवार के साथ डैम पर पहुंच रहे है तथा नौका विहार का लुफ्त उठा रहे है हालांकि पर्यटन स्थल के रूप में ओढ़नी डैम को विकसित करने का काम अभी चालू ही है।
जिला मुख्यालय से करीब 12 किलोमीटर के दूरी पर स्थित ओढ़नी डैम बांका के एक महत्वपूर्ण पर्यटन स्थल के रूप में जाना जा रहा है। जिलाधिकारी सुहर्ष भगत ने ओढ़नी डैम को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने का प्लान बनाया तथा इसे अमलीजामा पहनाया जा रहा है। वर्तमान समय में डैम पर सुरक्षा के लिए जहां होमगार्ड की तैनाती की गई है वहीं पुलिस की नजर लगातार डैम के आस-पास लगी रहती है। डैम के दोनों छोड़ पर आकर्षक बांस का वाच टावर बनाया गया है जहां से लोग चढ़कर ओढ़नी डैम का नजारा लेते है। प्रशासन ने दो हाईटेक वोट की व्यवस्था की है जिससे लोग चार्ज देकर डैम में नौका विहार का मजा लेते है। वोट संचालक का कहना है कि अभी शुरूआती दौर में रोजाना दो सौ से अधिक लोग नौका विहार कर रहे है साथ ही डैम के पास लोगों का दिनभर आना जाना लगा रहता है। शाम के समय ज्यादा लोग डैम का मजा लेने पहुंचते है।
*एक दर्जन युवाओं को मिला रोजगार*
ओढ़नी डैम को विकसित करने से वर्तमान समय में आस-पास के गांव के करीब एक दर्जन युवकों को रोजगार मिल गया है। नौका विहार में स्थानीय युवकों को ही रोजगार दिया गया जिससे वे गांव के पास ही अपनी कमाई कर रहे है, इससे उन्हें रोजगार के लिए कहीं जाना नहीं पड़ता है।
*डैम के पास पुलिस की है पैनी नजर*
ओढ़नी डैम के पास खासकर गलत लोगों पर पुलिस की पैनी नजर है। दो दिनों पूर्व कुछ युवक नशा की हालात में डैम पर हंगामा कर रहे थे, पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया तथा दो युवकों को पकड़कर जेल भेज दिया।
*क्या कहते है बांका जिलाधिकारी सुहर्ष भगत*
ओढ़नी डैम को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने का काम चल रहा है, जल्द ही डैम पर कैंटिन, पार्किंग, एडवेंचर स्पोर्टस आदि की व्यवस्था भी की जा रही है। लोगों को भयमुक्त होकर इस पर्यटन स्थल का मनोरंजन करना चाहिए।