दूसरी महिला को निबंधन कार्यालय में खड़ी कर लिखा ली दूसरी की 15 डिसमिल जमीन
दूसरी महिला को निबंधन कार्यालय में खड़ी कर लिखा ली दूसरी की 15 डिसमिल जमीन
मामला महुआ अनुमंडल के हिदायतपुर कटहरा का
महुआ, नवनीत कुमार
फर्जी जमीन रजिस्ट्री मामले में महुआ पुलिस ने कातिब सहित तीन को गिरफ्तार कर शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। इस मामले में पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार छापेमारी कर रही है। यह मामला महुआ अनुमंडल के हिदायतपुर कटहारा गांव की है।
महुआ थाना अध्यक्ष प्रभात रंजन सक्सेना ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया कि गोरौल थाने के सोंधो मुबारकपुर से कातिब नीलमणि तथा कटहरा ओपी अंतर्गत हिदायतपुर कटहारा से प्रमोद राय और अनिल राय को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों पर फर्जी रूप में जमीन रजिस्ट्री कराने के मामले दर्ज हैं। यह गिरफ्तारी काफी नाटकीय ढंग से एसआई परशुराम सिंह ने पुलिस बलों के साथ की। यह भी बताया गया कि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही है।
निबंधन कार्यालय में दूसरी महिला को खड़ीकर कराई थी फर्जी रजिस्ट्री:
बताया जा रहा है कि कटहारा ओपी के चेहरा खुर्द निवासी रामकिशचन भगत ने अपनी पत्नी उर्मिला देवी के नाम पर जमीन रजिस्ट्री कर दी थी। यह जमीन हिदायतपुर कटहारा सड़क किनारे पर है। जिसे महुआ निबंधन कार्यालय में डेढ़ महीने पूर्व दूसरी महिला को उर्मिला देवी बनाकर फर्जी तरह से 15 डिसमिल जमीन रजिस्ट्री कराई गई थी। यह जानकारी जब जमीन मालिक उर्मिला देवी को मिली तो उन्होंने महुआ थाने में मामला दर्ज कराई। उन्होंने फर्जी जमीन केवाला कराने में कातिब नीलमणि, क्रेता प्रमोद राय, अनिल राय सहित तीन के अलावा पहचान और गवाह को नामजद किया था। इस मामले को डीएसपी पूनम केसरी ने गंभीरतापूर्वक लेते हुए जांच की और आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तारी के लिए थानाध्यक्ष प्रभात रंजन सक्सेना को आदेश दिया। इधर महुआ पुलिस ने बीते गुरुवार की रात नाटकीय ढंग से कातिब सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई। इधर कातिब की गिरफ्तारी के बाद यहां रजिस्ट्री कार्यालय में दिनभर कौतूहल मची रही।
