April 18, 2026

NR INDIA NEWS

News for all

महुआ पीएचसी के प्रभारी बने डॉ मनोरंजन/रिपोर्ट नवनीत कुमार

महुआ पीएचसी के प्रभारी बने डॉ मनोरंजन
महुआ। महुआ पीएचसी को प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ मनोरंजन कुमार सिंह को बनाया गया है। उन्हें पीएचसी की जिम्मेवारी सौंपी गई है ताकि वे यहां सफल नेतृत्व कर स्वास्थ्य कार्य को अच्छा से करा सकें।
शुक्रवार को यहां पीएचसी पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ मनोरंजन कुमार सिंह ने बताया कि वे यहां सुधार करेंगे। रोगियों को कोई परेशानी नहीं हो। इसके लिए वह विशेष हिदायत स्वास्थ्य कर्मियों को दिया है। उन्होंने बताया कि वह पूरी जिम्मेवारी के साथ कार्य करेंगे। मालूम हो कि महुआ अनुमंडल अस्पताल और पीएचसी की ढाई किलोमीटर दूरी होने के कारण परेशानी हो रही थी।

 

कुढनी परिणाम से राजग कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल
महुआ। मुजफ्फरपुर के कुढनी विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी केदार गुप्ता की हुई जीत पर राजग के कार्यकर्ताओं ने खुशी मनाया। शुक्रवार को चुनाव परिणाम मिलते ही कार्यकर्ताओं में खुशी छा गई और उन्होंने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर अबीर गुलाल उड़ाए।
महुआ में भाजपा के अमरेंद्र कुमार अरुण, सीमा सिंह, बबलू चौधरी, शंभू सुमन, लोजपा रा के अवधेश कुमार सिंह, श्रीकांत पासवान, राजकुमार पासवान, रालोजपा के प्रकाश कुमार चंदन, प्रमोद पासवान, पारसनाथ गुप्ता, ब्रह्मदेव राय, अरुण साह, मनोज कुमार आदि ने इस जीत को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि उपचुनाव में साफ हो गया कि जनता ने महागठबंधन को नकार दिया है।

 

ईवीएम कमिश्निंग आज
महुआ। महुआ नगर परिषद के लिए होने वाले चुनाव को लेकर ईवीएम कमिश्निंग का कार्य 10 दिसंबर शनिवार को को किया जाएगा। यह कमिश्निंग महुआ के सिंघाड़ा स्थित निरसू नारायण कॉलेज पर होगा। यहां मॉक पोल करने के बाद ईवीएम को कमिशनिंंग किया जाएगा।
हालांकि यह कमिश्निंग बीते गुरुवार 8 दिसंबर को ही होनी थी। लेकिन अपरिहार्य कारणों से 10 दिसंबर को यह कार्य करने के लिए महुआ अनुमंडल कार्यालय द्वारा सूचना जारी की गई है। ईवीएम कमिश्निंग के लिए कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।

 

महिला के पेट से निकला 12 किलो का ट्यूमर
महुआ। महुआ में एक महिला के पेट का सफल ऑपरेशन कर 12 किलो का ट्यूमर निकाला गया। पातेपुर रोड स्थित एक नर्सिंग होम पर 2 घंटा चली ऑपरेशन के बाद महिला को जीवनदान दिया गया। महिला ने बताया कि अब वह अपने को हल्का महसूस कर रही है।
यहा बाजार के आरती हॉस्पिटल पर डॉ केसी विद्यार्थी और डॉ अरुण कुमार ने सहयोगियों के साथ मिलकर महिला के पेट का ऑपरेशन किया। महिला के पेट से 12 किलो के ट्यूमर निकाले गए। डॉक्टर ने बताया कि अगर यह कुछ दिन और पेट में रह जाता तो मरीज को बचा पाना मुश्किल होता। ट्यूमर निकल जाने से महिला हल्का महसूस कर रही थी।

 

पछुआ हवा ने बढाई कनकनी
महुआ। पछुआ हवा चलने से ठंड काफी बढ़ गई। ठंड और कनकनी बढ़ने से गर्म कपड़े की मांग भी काफी बढ़ गई है। इधर लोग ठंड से बचने के लिए अलाव का भी सहारा लेना शुरू कर दिया है।
शुक्रवार को लोगों ने बताया कि इस मौसम का पहला तेज ठंड और कनकनी पछुआ हवा चलने कारण शुरू हुआ। ठंड बढ़ने से छोटे-छोटे बच्चे और वृद्ध को ज्यादा परेशानी हो रही है। हालांकि धूप खिले रहने के कारण लोगों को ज्यादा परेशानी नहीं हुई। शाम होने के बाद रात में पारा लूढका और लोगों को कनकनी महसूस हुआ। गांव में लोग अब अलाव का सहारा ले रहे हैं।

 

गेहूं की बुवाई अंतिम चरण में
महुआ। गेहूं की बुवाई अब गांवों में किसानों द्वारा अंतिम चरण में हैं। शुक्रवार को किसानों ने बताया कि इस बार अभी तक मौसम अनुकूल रहा है। जिसके कारण 90 फीसद गेहूं की बुवाई समय से कर ली गई है।
खासकर चंवर वाली भूमि पर जहां जलजमाव है वहां बुवाई में दिक्कत हो रही है। जहां खेतों को किसान तैयार कर रखे थे। उसमें बुवाई उन्होंने कर ली गई है। किसानों ने बताया कि गेहूं की बुवाई 15 नवंबर से 15 दिसंबर तक होती है। इस बार 60 फीसद खेतों में गेहूं की बुवाई 30 नवंबर से पहले कर ली गई थी। अधिकतर अगात बुवाई वाली गेहूं की फसल में किसान सिंचाई कर यूरिया दे रहे हैं। गेहूं की अच्छी उपज के लिए ठंड और कोहरा का इंतजार किसानों को है।

 

ठंड से पशुओं को हो रही दिक्कत
महुआ। पछुआ हवा के साथ ठंड बढ़ने से पशुओं को ज्यादा दिक्कत होने लगी है। पशुपालक पशुओं को ठंड से बचाव को लेकर हर जुगत कर रहे हैं। इस समय वे पशुओं को ठंड से बचाव को लेकर अपने घर के दरवाजे पर भी बांध रहे हैं।
शुक्रवार को यहां पशुपालकों ने बताया कि ठंड से पशुओं को बचाना दिक्कत हो रहा है। खासकर दुधारू पशुओं को ठंड से नहीं बचाव करने पर दूध में व्यापक कमी आ जाती है। पशुपालकों का कहना है कि वे पशुओं को शाम ढलते ही झोपड़ी या उसके गौशाला में बांध देते हैं। ठंड से पशुओं के दूध में कमी आने लगी है।

 

निकाय चुनाव को लेकर उम्मीदवारों में बढी चहलकदमी
महुआ। निकाय चुनाव को लेकर उम्मीदवारों में सरगर्मी बढ़ गई है। वे वोटरों के संपर्क में हैं और सुबह शाम हर वक्त क्षेत्र में घूम कर अपनी हवा बनाने में लगे हैं।
चुनाव स्थगित होने के बाद उम्मीदवारों में मायूसी आ गई थी। अब वे तत्परता के बीच जनसंपर्क चला रहे हैं।
शुक्रवार को यहां उम्मीदवारों में एक बार फिर सरगर्मी दिखी और वे वोटरों के बीच घूमते नजर आए। यहां नगर परिषद चुनाव को लेकर नामांकन कर चुके उम्मीदवार वोटरों के बीच है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.