February 14, 2026

NR INDIA NEWS

News for all

रामनवमी पर भगवा रंग से रंगा नगर और गांव मंदिरों में राम जन्मोत्सव के साथ ही महिलाओं ने गाए मंगल गान और सोहर

रामनवमी पर भगवा रंग से रंगा नगर और गांव
मंदिरों में राम जन्मोत्सव के साथ ही महिलाओं ने गाए मंगल गान और सोहर
महुआ, रेणु सिंह
राम जन्मोत्सव (रामनवमी) पर गुरुवार को महुआ का पूरा इलाका भक्ति में सराबोर हो चला। महुआ बाजार और विभिन्न जगहों पर भगवान राम की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस मौके पर पूरा इलाका भगवा रंग में रंग गया। लोगों में तो भक्ति सिर चढ़कर बोली। राम जानकी मंदिरों पर भगवान राम का जन्म हुआ। जिसमें महिलाओं ने मंगल गान के साथ सोहर गाकर स्थल को भावमय बना दिया।
महुआ में श्री राम भक्त मंडल के द्वारा भगवान राम की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। यहां 12 फीट ऊंची राम की आकर्षक प्रतिमा के अलावा विभिन्न झांकियों के साथ यह शोभायात्रा यहां पातेपुर रोड से निकलकर समस्तीपुर रोड, गोला रोड, अनुमंडल कार्यालय रोड से होकर थाना चौक, जवाहर चौक, मंगरू चौक से सदापुर, पुराना बाजार होते हुए गांधी चौक पहुंची। जहां लोग भक्ति में झूम उठे। इसके बाद यह शोभायात्रा शाम को भागवतपुर तरौरा पहुंची जहां भगवान राम की मूर्ति का विसर्जन किया गया। इस शोभायात्रा में महुआ के जाने-माने प्रतिष्ठित लोगों के अलावा नगर परिषद के प्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि, व्यापारी संघ और भारी संख्या में युवकों की टोली 15 किलोमीटर का पैदल यात्रा तय किया। उधर रानीपोखर कर्णपुरा से हिंदू मंच के द्वारा शोभायात्रा निकालकर महुआ लाई गई, जो राम भक्त मंडल की शोभायात्रा में मिल गई। शोभा यात्रा को लेकर स्थानीय प्रशासन ने भी सक्रियता बरती। हालांकि यहां के लोग इस शोभायात्रा में आपसी सद्भाव, एकता, सहिष्णुता, अपनत्व भाईचारा का संदेश दे रहे थे। इस शोभायात्रा में भगवा रंग और धार्मिक पताखे के साथ तिरंगा झंडा भी युवक हाथ में लेकर चल रहे थे। शोभायात्रा में उत्साह, उमंग और भक्ति हर लोगों के सिर चढ़कर बोल रही थी। शोभा यात्रा के रास्ते में श्रद्धालु महिलाएं पुष्प की वर्षा कर रही थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.