पीएचसी में गर्भवतियों की उमड़ी भीड़ से अफरा-तफरी का माहौल
पीएचसी में गर्भवतियों की उमड़ी भीड़ से अफरा-तफरी का माहौल
अधिकतर गर्भवतियों में वजन और हीमोग्लोबिन की पाई गई कमी
महुआ, रेणु सिंह
प्रधानमंत्री मातृत्व लाभ योजना के तहत सोमवार को महुआ पीएचसी पर 174 गर्भवतियों की स्वास्थ्य जांच की गई। स्वास्थ्य जांच कर उन्हें जरूरत की दवाएं दी गई। इसके साथ इस अवस्था में स्वयं और पेट में पल रहे बच्चे की देखभाल के लिए विभिन्न जानकारियां भी उपलब्ध कराई गई। यहां गर्भवतियों की उमड़ी भीड़ से अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ मनोरंजन कुमार सिंह के नेतृत्व में डॉ विनीता सिंह, डॉ शिखा प्रिया व डॉ अभिषेक के साथ एएनएम ने उनकी स्वास्थ्य जांच की। यहां पर गर्भवतियों की वजन, ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, हिमोग्लोबिन, एचआईवी, कोरोना आदि की जांच की गई। डॉक्टरों ने बताया कि जांच कराने आई 60 फीसदी गर्भवतियों में वजन, हिमोग्लोबिन व आयरण की कमी पाई गई। साथ ही अधिकतर में ब्लड प्रेशर भी बढ़ा हुआ पाया गया। डॉक्टरों ने गर्भवतियों को इस अवस्था में खानपान पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने पौष्टिक आहार में हरा साग सब्जी, दूध, दही, केला, सेब, अंगूर, नारंगी, मांस, मछली, अंडा खाने की नसीहत दी। इसके साथ ही इस अवस्था में टेंशन मुक्त रहने के साथ आराम करने को भी फरमाया। हेल्थ मैनेजर प्रकाश कुमार ने बताया कि जांच शिविर को लेकर विशेष प्रबंध किए गए थे। गर्भवतियों के लिए शामियाना, कुर्सियां लगाई गई थी। ताकि इस भीषण गर्मी और धूप में उन्हें परेशानी नहीं हो।
