महुआ के पहाड़पुर में चल रहे श्री विष्णु महायज्ञ में तीसरे दिन हुई विशेष पूजा पाठ
महुआ के पहाड़पुर में चल रहे श्री विष्णु महायज्ञ में तीसरे दिन हुई विशेष पूजा पाठ
सिंघाड़ा के बालू घाट खेसरहिया गायत्री नवचेतना यज्ञ में भी हवन कर श्रद्धालुओं ने त्यागे बुराई
महुआ। रेणु सिंह
महुआ के पहाड़पुर और सिंघाड़ा दक्षिणी में चल रहे महायज्ञ को लेकर भक्ति परवान चढी है। दोनों जगहों पर यज्ञ देवता की पूजन करने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ हो रही है। नौ दिवसीय श्रीविष्णु महायज्ञ के तीसरे दिन शनिवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। उन्होंने यज्ञ मंडप की 108 बार परिक्रमा कर देवताओं से खुशहाली का पैगाम मांगा।
यहां पर यज्ञ मंडप की परिक्रमा के लिए महिला श्रद्धालुओं की हुई भारी भीड़ से अफरा तफरी का माहौल रहा हालांकि महिला श्रद्धालुओं ने यज्ञ मंडप की पूरे 108 बार परिक्रमा कर मानव जीवन में खुशहाली के साथ लोगों में आपसी प्रेम, एकता, अपनत्व, सहिष्णुता, भाईचारा, मिल्लत के लिए मन्नत मांगी। यहां पर मंडप की परिक्रमा कर रही रीना झा, नूतन वर्मा, रेणु सिंह, रागिनी कुमारी, नीतू, चंदा, स्वाति, बबीता, संगीता, नीलम, आशा आदि ने बताया कि यज्ञ को लेकर लोगों में भक्ति कायम है। भोर से ही श्रद्धालु यज्ञ क्षेत्र में पहुंचकर श्रमदान के साथ पूजा पाठ शुरू कर देते हैं। वेदोचार से इलाका गूंज रहा है। यज्ञ बाबा भोलेश्वर दास महाराज के नेतृत्व में हो रहा है। यहां पर विभिन्न देवी-देवताओं की बनी 101 मूर्तियां आकर्षण का केंद्र बनी है। यज्ञ परिसर के मुख्य द्वार पर बजरंगबली की विशाल मूर्ति लगाई गई है। पूर्वाहन 10 बजे तक यज्ञ में भीड़ होती है। उसके बाद शाम ढलने पर श्रद्धालुओं और मेलार्थियों की अपार भीड़ से यज्ञ परिसर चकाचौंध रोशनी में गुलजार हो उठता है। यहां डॉ प्रमोद कुशवाहा के द्वारा भंडारा चलाकर श्रद्धालुओं को पंगत कराया गया। रणधीर कुमार ने बताया कि यज्ञ में लोगों का भरपूर सहयोग मिल रहा है।
दूसरी ओर सिंघाड़ा दक्षिणी पंचायत के बावनघाट खेसरहिया उच्च विद्यालय परिसर में 24 कुंडीय गायत्री नवचेतना यज्ञ में श्रद्धालुओं ने हवन कर अपने मन के अंदर की बुराई त्यागे। शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वाधान में विश्व कल्याण के लिए चल रहे चार दिवसीय इस यज्ञ का समापन रविवार को होगा। प्रदीप कुमार सोनी ने बताया कि यज्ञ में दूर-दराज से श्रद्धालु पहुंचकर हवन कर विश्व कल्याण के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। यहां पर महिला श्रद्धालुओं की भारी भीड़ हो रही है। लोगों में भक्ति के साथ उत्साह और उमंग चरम पर है। यहां विभिन्न जगहों पर हो रहे यज्ञ को लेकर भक्ति का नजारा है।
