संभावित बाढ़ पूर्व सभी तैयारी पूर्ण कर ली गयी है-जिलाधिकारी
रिपोर्ट प्रभंजन कुमार
हाजीपुर, : माननीय मुख्यमंत्री, बिहार के द्वारा पटना से विडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संभावित बाढ़ एवं सुखाड पूर्व की गयी तैयारियों की उच्च स्तरीय समीक्षा में जिलाधिकारी श्री यशपाल मीणा के द्वारा बताया गया कि वैशाली जिला में संभावित बाढ़ पूर्व सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गयी है।
जिलाधिकारी ने कहा कि वैशाली जिलान्तर्गत तिरहुत तटबंध जिसकी कुल लम्बाई 37 किमी है पूरी तट सुरक्षित है। यह तटबंध वैशाली प्रखंड के रामदौली से हाजीपुर प्रखंड के हथसारगंज तक स्थित है। इस तटबंध पर लालगंज के बलहा वसंता में कटाव निरोधी कार्य पूर्ण करा लिया गया है एवं इसका संयुक्त निरीक्षण भी अनुमंडल पदाधिकारी हाजीपुर एवं कार्यपालक अभियंता बाढ नियंत्रण एवं जल निस्सरण प्रमंडल, लालगंज के द्वारा कर लिया गया है। जिलाधिकारी ने कहा कि बाढ़ के दौरान प्रभावित अक्राम्य स्थलों पर बालू भंडारण की प्रक्रिया प्रगति में है और अन्य बाढ़ संघर्षात्मक सामग्री पार्याप्त मात्रा में उपलब्ध है।
जिलाधिकारी ने कहा कि वैशाली जिला में गंगा, गंडक, वाया नदी एवं नुन नदी से 11 से 12 प्रखंड प्रभावित होते हैं। बाढ़ पूर्व तैयारियों के संबंध में जिलाधिकारी ने कहा कि बाढ़ राहत एवं अन्य सामग्रियों का दर निविदा करा कर निर्धारित कर दिया गया है एवं इसके लिए एजेन्सी चान कर ली गयी है। उन्होंने बताया कि जिला में 17945 पालिथीन शीट्स उपलब्ध है जो पर्याप्त है। नाव एवं नाविक की व्यवस्था के संबंध में बताया गया कि जिला में कुल 24 सरकारी नाव एवं 225 निजी नाव है। सभी निजी नावों के मालिकों के साथ अंचलाधिकारियों ने एकरारनामा कर लिया है। इसके अतिरिक्त एसडीआरएफ हाजीपुर के पास 18 इन्फ्लैटेबल मोटर वोट उपलब्ध है।
जिलाधिकारी ने कहा कि संभावित बाढ़ 2023 के मद्देनजर जिला में कुल 143 शरण स्थली शिविर एवं 164 सामुदायिक रसोई केन्द्रों का चयन किया गया है। जिला में एसडीआरएफ की टीम प्रतिनियुक्ति हैं जो क्लब घाट हाजीपुर के पास आवासित है। जिलाधिकारी ने कहा ने कहा कि बाढ़ से प्रभावित होने वाले परिवारों की सूची का अद्यतीकरण का कार्य आपदा आपूर्ति पोर्टल पर कराया जा रहा है। इसके अतिरिक्त कृषि विभाग के द्वारा बाढ़ एवं सुखाड़ के आलोक में आकस्मिक / वैकल्पिक फसल योजना बना ली गयी है।
इस बैठक में जिलाधिकारी के साथ पुलिस अधीक्षक श्री रविरंजन कुमार, अपर समाहर्त्ता श्री विनोद कुमार सिंह, प्रभारी पदाधिकारी अपदा प्रबंधन शाखा डॉ० रचना सिन्हा एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
