मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के साथ जिलाधिकारी ने की मतदान केन्द्र युक्तिकरण संबंधी बैठक
मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के साथ जिलाधिकारी ने की मतदान केन्द्र युक्तिकरण संबंधी बैठक
नसीम रब्बानी/सुधीर मालाकार
हाजीपुर : भारत निर्वाचन आयोग से प्राप्त निर्देश के आलोक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह-जिलाधिकारी वैशाली श्री यशपाल मीणा के द्वारा वैशाली समाहरणालय सभागार में सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के जिलाध्यक्ष /सचिव माननीय सांसद के प्रतिनिधि एवं माननीय विधायक तथा विधायक प्रतिनिधि के साथ मतदान केन्द्र के युक्तिकरण संबंधी बैठक कर उपस्थित सदस्यगण को सभी जरूरी जानकारी दी गयी।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि लोकसभा निर्वाचन को ध्यान में रखकर वैशाली जिला में निर्धारित समयावधि 15 जुलाई से 29 जुलाई तक जिला के सभी मतदान केन्द्रों का भौतिक सत्यापन करा लिया गया है। निर्वाचन आयोग से प्राप्त दिशा निर्देश के अनुसार ऐसे सभी मतदान केन्द्र जहाँ मतदाताओं (निर्वाचकों) की संख्या 1500 से अधिक वहाँ युक्तिकरण किया जाना है। जिलाधिकारी ने बताया कि जिला में ऐसे 04 मतदान केन्द्र ही है। इन चारों का युक्तिकरण का प्रस्ताव ईआरओ से प्राप्त है जिसकी पूर्ण जानकारी सभी सदस्यगण को दी गयी। जिलाधिकारी ने बताया कि दो मतदान केन्द्र को शिफ्ट करने का प्रस्ताव आया है। इस प्रकार कुल छः मतदान केन्द्र है जिनके युक्तिकरण का प्रस्ताव है इसमें 124. लालगंज विधानसभा क्षेत्र में दो, 129 महनार विधानसभा क्षेत्र में एक तथा 130 पातेपुर विधान सभा क्षेत्र में तीन मतदान केन्द्र सम्मिलित है।
इस बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि कुल आठ मतदान केन्द्र जर्जर भवन से संबंधित है जिसमें 2 का जिर्णोद्धार तथा 6 को स्थानान्तरित करने का प्रस्ताव आया है। इसके अतिरिक्त कुल 19 चलन्त मतदान केन्द्र हैं जिसमें आठ को पक्के भवन में स्थानान्तरित करने का प्रस्ताव है।
जिलाधिकारी ने कहा कि आज मतदान केन्दों की सूची प्रकाशित करायी गयी है और उसकी प्रति सभी
उपस्थित माननीय सदस्य को उपलब्ध करा दी गयी है। इस सूची को सभी ईआरओ के कार्यालय में प्रदर्शित कराने
तथा जिला के येवसाईट पर अपलोड कराने का निर्देश दिया गया।
इस प्रकाशित सूची में युक्तिकरण का प्रस्ताव भी सम्मिलित है जिसके विरूद्ध दावा आपत्ति 10 अगस्त से 19 अगस्त 2023 तक करायी जा सकती है। यह दावा आपत्ति जिला निर्वाचन प्रशाखा को दिया जा सकता है। प्राप्त दावा-आपत्ति का निस्तार 25 अगस्त तक किया जाएगा। उसके बाद पुनः मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ 28 अगस्त से 30 अगस्त की अवधि में बैठक की जाएगी और मतदान केन्दों के प्रारूप सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा। तत्पश्चात इस सूची को आयोग भेजा जाएगा। आयोग के अनुमोदनोपरांत जिला स्तर पर इसका अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी सदस्यगण मतदान केन्द्रों को स्वयं भी देख लें। उन्होंने कहा कि प्रतिनिधिगण चीजों को अच्छे से समझ लेंगे और इसका क्रियान्वयन करायेंगे। उप निर्वाचन पदाधिकारी को प्राप्त दावा-आपत्ति को पंजी में संधारित कराने का निर्देश दिया।
उक्त बैठक में जिलाधिकारी के साथ माननीय विधायक वैशाली श्री सिद्धार्थ पटेल, माननीय विधायक महुआ श्री मुकेश कुमार रौशन, माननीय विधायक पातेपुर श्री लखेन्द्र कुमार रौशन, सांसद प्रतिनिधि हाजीपुर श्री प्रमोद कुमार सिंह, जदयू के जिलाध्यक्ष श्री सुभाषचन्द्र सिंह, राष्ट्रीय जनता दल के जिलाध्यक्ष श्री बैधनाथ चन्द्रवंशी, इंडियन नेशनल कॉंग्रेस के सचिव श्री मनोज तिवारी, बहुजन समाज पार्टी के अध्यक्ष श्री कामेश्वर कुमार, सीपीआईएम के श्री राजन्द्र पटेल, 128, माननीय विधायक राघोपुर के प्रतिनिधि श्री विजय प्रसाद यादव 123, हाजीपुर विधायक प्रतिनिधि कुमार प्रभाकर, श्री अवधेश कुमार सिंह पूर्व सांसद प्रतिनिधि, अपर समाहर्त्ता श्री विनोद कुमार सिंह सभी एसडीओ और डीसीएलआर सहित उप निर्वाचन पदाधिकारी एवं जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी उपस्थित थे।
