कहीं जानलेवा ना बन जाए खोदा गया गड्ढा
कहीं जानलेवा ना बन जाए खोदा गया गड्ढा
महुआ। रेणु सिंह
पुलिया निर्माण को लेकर खोदे गए पानी भरे गड्ढे में रविवार को दो लोग फिर डूबने से बच गए। हल्ला होने पर लोगों की भीड़ जुटी और स्थानीय तैराको ने जान की बाजी लगाते हुए डूब रहे दोनों व्यक्तियों को किसी तरह निकाल लिया। यह वाक्या महुआ पंचमुखी चौक से परसोनिया गुदरी होकर राजापाकर जाने वाली सड़क पर महुआ के फुलवरिया पूर्वी पोखर के पास की है।
यहां रविवार की सुबह डूबते डूबते दो लोगों को किसी तरह बचाया गया। ग्रामीण शंकर सिंह चौहान, नकुल सिंह, नारद सिंह, इंद्रदेव राम, नागेंद्र राम, हरि नारायण नारायण राय, अरविंद कुमार, राजीव राम आदि ने बताया कि परसोनिया गुदरी पर सब्जी लेकर बेचने जाने के दौरान उक्त पुलिया निर्माण को लेकर खोदे गए पानी भरे गड्ढे में स्थानीय 65 वर्षीय रामनाथ राम और 55 वर्षीय अशर्फी राम का पैर फिसल गया। जिससे वे दोनो गहरे पानी में चले गए और उसमें डूबने लगे। इसे देख लोगों ने हल्ला किया। यहां संवेदक द्वारा पुलिया निर्माण को लेकर ढाई महीने पूर्व सड़क पर गड्ढे खोदकर छोड़ दिया गया है। जिसमें बारिश की पानी भरी हुई है।
