शांतिपूर्ण एवं सदभाव के साथ मनाएं दुर्गा पूजा एवं विजयदशमी का त्यौहार-जिलाधिकारी
शांतिपूर्ण एवं सदभाव के साथ मनाएं दुर्गा पूजा एवं विजयदशमी का त्यौहार-जिलाधिकारी
रिपोर्ट प्रभंजन कुमार
हाजीपुर दुर्गा पूजा एवं विजयदशमी के पर्व को शांतिपूर्ण संपन्न कराने को लेकर जिलाधिकारी श्री यशपाल मीणा एवं पुलिस अधीक्षक श्री रविरंजन कुमार के द्वारा वैशाली समाहरणालय
सभागार में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक कर उपस्थित पदाधिकारियों एवं समिति के सदस्यगण को जरूरी निर्देश दिए गए। इस बैठक में जिले के सभी अंचलों से पूजा पंडाल के अध्यक्ष / सचिव एवं समिति के सदस्यगण शामिल हुए थे। सर्वप्रथम जिलाधिकारी के द्वारा सभी सदस्यगण का स्वागत किया गया और पूर्व के त्योहारों को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी को धन्यवाद दिया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी के द्वारा शांति समिति के उपस्थित सदस्यों से उनके द्वारा की गयी तैयारियों के बारे में जानकारी प्राप्त की गयी और उनसे परामर्श लिया गया और जो भी मांग आयी उस पर जरूरी कदम उठाने का आश्वासन दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि इस बार लोगों का उत्साह अधिक रहेगा और भीड़ भी अधिक रहेगी इसी को ध्यान में रखकर तैयारी की जाए। सतर्कता और सावधानी जरूरी है। समाज में सदभाव बना रहे इस पर विशेष रूप से चौकस रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि वैशाली जिला में लोगों ने गंगा जमुनी तहजीव का अच्छा उदाहरण हमेशा से ही पेश किया है और यही अपेक्षा भी है। उन्होंने कहा कि पूजा समिति के अध्यक्ष / सचिव अपने वॉलेंटियर्सद के साथ बैठक कर उन्हें सभी चीजें स्पष्टता से बता दें और उन पर भी नजर रखें।
जिलाधिकारी ने कहा कि आगामी लोक सभा निर्वाचन को देखते हुए राजनीतिक स्वार्थ को लेकर शरारती तत्वों द्वारा छोटी-छोटी घटनाओं को साम्प्रदायिक रंग दी जा सकती है। इसलिए छोटी से छोटी घटना पर नजर रखते हुए उस पर त्वरित कार्रवाई की जाए। इसके लिए सूचना तंत्र को मजबूत करने तथा जो कुछ भी पता चले उससे पदाधिकारियों को अवगत कराने का निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि संवेदनशील स्थलों पर दण्डाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है। इस पर्व को शांतिपूर्ण संपन्न कराने में सभी की महत्वपूर्ण जिम्मेवारी है। जिला भर में कुल 486 स्थलों को चिन्हित कर दण्डाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गयी है जो 21 अक्टूबर से 25 अक्टूबर तक विधि-व्यवस्था संधारित करेंगे एवं सभी गतिविधियों पर नजर रखेंगे। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर कंट्रोल रूम 06224-260220 पर स्थापित किया गया है जो 24 घंटा कार्यरत रहेगा जिस पर कोई भी सूचना दी जा सकती है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि लोग अफवाहों से बचें। सोशल मीडिया पर भी कड़ी नजर रखी जाएगी। सभी अंचलों एवं थानों में साईबर सेनानियों को इस संबंध में स्पष्ट निर्देश दिया गया है। कोई भी व्यक्ति बिना सत्यता के वाट्सऐप ग्रुप पर कोई भी तथ्य फॉरवाई नहीं करेगा।
इस बैठक के बाद जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक के द्वारा थानावार एवं अनुमंडलवार इस पर्व को शांतिपूर्ण संपन्न कराने को लेकर की गयी कार्यों एवं तैयारियों की समीक्षा की गयी। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सभी फिल्ड ऑफीसर लगातार क्षेत्र भ्रमण करेंगे, फलैग मार्च निकालेंगे। ड्रोन और सीसीटीवी कैमरा को क्रियाशील रखने का निर्देश दिया गया।
इस बैठक में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के साथ अपर समाहर्त्ता, उप विकास आयुक्त, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं थाना प्रभारी उपस्थित थे।
