भगवानपुर प्रखंड के कई विद्यालयों एवं मतदान केन्द्रों का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण
भगवानपुर प्रखंड के कई विद्यालयों एवं मतदान केन्द्रों का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण
रिपोर्ट प्रभंजन कुमार
हाजीपुर, जिलाधिकारी श्री यशपाल मीणा के द्वारा भगवानपुर प्रखंड अन्तर्गत मध्य विद्यालय पटेढ़ा, मध्य विद्यालय शेखोपुर डढ़िया, अदर्श मध्य विद्यालय वारिसपुर स्थित मतदान केन्द्र संख्या 322, 323, 261 एवं 262 का निरीक्षण किया गया और यहाँ पर रैम्प आदि व्यवस्था देखी गयी। यहाँ पर चल रहे पठन-पाठन की भी जिलाधिकारी ने जानकारी ली।
सर्वप्रथम जिलाधिकारी म०वि० पटेढ़ा गये। यहाँ पर चौथे एवं पाँचवे वर्ग के बच्चों से मिले और सभी जानकारी प्राप्त किये। बच्चों से जिलाधिकारी ने प्रश्न भी किया जिसका संतोष जनक उत्तर बच्चों ने दिया। यहाँ पर उनका उत्साहवर्द्धन किया गया और बच्चों को सही ढंग से मन लगाकर पढ़ने की बात कही गयी। सभी शिक्षकों से बच्चों को नैतिक शिक्षा देने की भी बात कही गयी। यहाँ पर विद्यालय का चार कमरे का नवनिर्मित भवन तैयार है। भवन के पीछे एक पोखर है। भवन और पोखर के बीच वाउण्ड्री नही होने से अभी भवन क्रियाशील नहीं है। प्रधानाध्यापक ने बताया कि कुछ लोग बाउण्ड्री कार्य में रूकावट पैदा करते हैं। इस पर अंचलाधिकारी भगवानपुर को अपनी देख-रेख में चाहरदिवारी शीघ्र तैयार करवाकर इस भवन में भी पठन-पाठन शुरू कराने का निर्देश दिया गया।
यहाँ से निकलकर जिलाधिकारी मध्य विद्यालय शेखोपुर डठिया लगभग 03:00 बजे पहुँचे। वहाँ फिजीकल टीचर की देखरेख में बच्चे खेल रहे थे। यहाँ पर बच्चों से मिलकर स्कूल में हो रहे गेम्स की जानकारी ली। शारीरिक शिक्षक को प्रतिदिन बच्चों का खेल-कूद कराने का निर्देश दिया गया। यहाँ पर विद्यालय के एक कोने में निजी जमीन में कचड़ा फेका गया था। जिसपर विद्यालय के प्रधानाध्यापक को एक छोटा-सा गड्ढा तैयार कराकर कचड़ा उसी में डालने का निर्देश दिया गया। पंचायत सचिव को विद्यालय के मुख्य भवन के लिए रेन वाटर हावेस्टि निर्माण करा देने का निर्देश दिया गया।
जिलाधिकारी ने हरिवंशपुर बांधु के बारिसपुर निर्माणाधीन डब्लूपीयू (कचरा प्रबंधन इकाई) का निरीक्षण किया। प्रखंड विकास पदाधिकारी ने बताया किया यहाँ पास ही में गोबर गैस प्लांट के लिए जमीन चिन्हित किया गया है। जिलाधिकारी के द्वारा आदर्श मध्य विद्यालय का निरीक्षण किया गया। यहाँ पास में ही पंचायत सरकार भवन के लिए चिन्हित जमीन का भी अवलोकन किया गया।
निरीक्षण के समय जिलाधिकारी के साथ अपर समाहर्त्ता श्री विनोद कुमार सिंह, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं अन्य प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी भगवानपुर उपस्थित थे।
