सामाजिक नाटक राखी व सिंदूर का हुआ सफल मंचन
सामाजिक नाटक राखी व सिंदूर का हुआ सफल मंचन
महुआ। रेणु सिंह
प्रखंड की मधौल पंचायत अंतर्गत चकफतेह शिव मंदिर पर बीते शनिवार की रात सामाजिक नाटक राखी और सिंदूर का सफल मंचन ग्रामीण कलाकारों द्वारा किया गया। इस नाटक में कलाकारों ने अपनी बेहतरीन छाप छोड़ी। उनके भावनात्मक दृश्य को देख दर्शक भाव विह्वल होते रहे।
महाशिवरात्रि की जलढरी के मौके पर यहां पूर्व पार्षद अशोक कुमार अकेला द्वारा लिखित नवयुवक नाट्य कला द्वारा प्रस्तुत सामाजिक नाटक राखी और सिंदूर का मंचन ग्रामीण युवकों द्वारा सफलता पूर्वक किया गया। इस नाटक में स्वयं पूर्व पार्षद ने भी मुख्य कलाकार की भूमिका निभाई। मनोज सिंह, मनीष सिंह और हरिजी के निर्देशन में धर्मेंद्र पासवान, विजय कुमार, मो फिरोज, पप्पू, प्रमोद, गुड्डू शर्मा, मो परवेज, मो ताहिर, सोनू आदि ने सफल भूमिका निभाई। रूप सजा अवधेश सुमन, शैलेंद्र पासवान, राजकुमार पासवान और बच्चू सिंह का था। सुशील सिंह के उद्घोषन में मंच का निर्देशन धर्मवीर सिंह और बिरजू सिंह कर रहे थे। जबकि नृत्य मोहन पासवान का था। नाटक के बीच-बीच में नृत्य और संगीत पर दर्शक झूमते भी रहे। नाटक के जरिए कलाकारों ने सामाजिक कुरीतियों पर प्रहार किया। उन्होंने बहन की राखी और महिला की सिंदूर की अहमियत को इस नाटक के माध्यम से बताया।
