खरीफ महोत्सव में किसानों को नहीं दी गई सूचना
खरीफ महोत्सव में किसानों को नहीं दी गई सूचना
किसी भी कार्यक्रम में कृषि कार्यालय द्वारा सूचना नहीं दी जाने के कारण किसान गुस्से में, कृषि कार्यालय भवन पर किया हंगामा
महुआ। रेणु सिंह
स्थानीय प्रखंड परिसर स्थित कृषि कार्यालय पर बुधवार को आयोजित खरीफ महोत्सव अभियान किसानों के नहीं पहुंचने के कारण फ्लॉप साबित हुआ। किसानों द्वारा बताया गया कि यहां कृषि कार्यालय द्वारा उन्हें किसी प्रकार की कोई सूचना नहीं दी जाती है। जिससे वह सरकारी लाभ से वंचित रह जाते हैं। गुस्साए किसानों ने कृषि कार्यालय पर हंगामा किया और महोत्सव अभियान को बहिष्कार किया।
यहां किसानों ने बताया कि कृषि कार्यालय के द्वारा मनमानी की जाती है। उन्हें मिलने वाली कोई भी सरकारी लाभ की जानकारी समय पर नहीं दी जाती है। जिसके कारण उन्हें खुले बाजार से ऊंचे दाम पर बीज खरीद कर फसल लगानी पड़ती है। जिसके कारण जेब ढीली होती है। उन्होंने यह भी बताया कि सरकार द्वारा किसानों के लिए चलाए जा रहे कार्यक्रम को विभागीय कर्मचारी पलीता लगाने पर लगे हैं। कृषि कार्यालय पर पहुंचे अरुण कुमार, महेश्वर प्रसाद, अशोक राय, नितेश राय, अमरेंद्र, सुरेश कुमार आदि ने बताया कि खरीफ मौसम अभियान यहां कृषि कार्यालय के द्वारा किया जा रहा है। जबकि इसकी सूचना किसी भी किसान को नहीं दी गई है। किसानों का यह भी कहना था कि यहां कृषि कार्यालय बिचौलिए के गिरफ्त में है। किसानों ने यह भी बताया कि अभी धान के बिचड़े गिराने का समय आ रहा है। उन्हें धान के बीच की जरूरत होगी। जबकि सरकार द्वारा चलाए जा रहे कृषि महोत्सव अभियान में उन्हें ना तो प्रशिक्षण देने का काम किया जा रहा है और ना ही मिलने वाली लाभ की जानकारी ही दी जा रही है।
