एसपीएस कालेज खेल परिसर में लाइट नहीं लगाने पर किया प्रदर्शन,
एसपीएस कालेज खेल परिसर में लाइट नहीं लगाने पर किया प्रदर्शन,
एसपीएस कालेज खेल परिसर की समस्या पर प्रदर्शन में छात्र खिलाड़ी।
देसरी,स्थानीय शिवप्रसाद सिंगेश्वर महाविद्यालय खेल परिसर में पंचायती राज विभाग निदेशक के आदेश के बावजूद लाइट की व्यवस्था नहीं होने और खेल परिसर में गड्ढे का भराव नहीं कराए जाने के विरोध में छात्रों और खिलाड़ियों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान जिला प्रशासन से खेल परिसर की समस्याओं का शीघ्र निदान कराने की मांग की गई।
प्रदर्शन के दौरान रंजीत पंडित ने छात्रों एवं खिलाड़ियों के हित में सवाल उठाते हुए कहा कि देसरी प्रखंड का यह सबसे बड़ा खेल मैदान है। इस मैदान में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के फिजिकल का तैयारी करने वाले छात्र-छात्राओं के अलावा स्थानीय खिलाड़ी लगातार तैयारी करते हैं। इसके साथ ही आम लोग टहलने के साथ-साथ यहां व्यायाम भी करते हैं। इसकी समस्याओं के समाधान के लिए तत्कालीन पंचायती राज विभाग के निदेशक डा. रंजीत कुमार सिंह को पत्र दिया गया था। जिस पर उन्होंने जिलाधिकारी एवं उप विकास आयुक्त वैशाली को इस समस्या का समाधान कराने का निर्देश दिया था।
उन्होंने आरोप लगाया कि इस निर्देश के बावजूद खेल परिसर में आज तक लाइट नहीं लगाया गया और ना ही गड्ढे का भराव कराया गया। इसके विरोध में प्रदर्शन करते हुए स्थानीय छात्रों और खिलाड़ियों ने शीघ्र इस समस्या का निदान नहीं कराए जाने पर चरणबद्ध आंदोलन करने की चेतावनी दी है। प्रदर्शन में अभिषेक कुमार, सुबोध पासवान,मनीष कुमार, संजीव कुमार, टिंकू कुमार, सचिन कुमार, चमन कुमार, अमन कुमार, आशीष कुमार, अर्जुन कुमार, विकास कुमार, मुन्ना कुमार, पंकज कुमार, प्रशांत कुमार, शुभम कुमार, मोनू कुमार, हसन कुमार, उत्तम ठाकुर आदि सहित अनेक छात्र और खिलाड़ी शामिल थे।
