March 9, 2026

NR INDIA NEWS

News for all

मोबाइल वीडियो विवाद में ताबड़तोड़ फायरिंग, श्रवणपट्टी में फैली दहशत

मोबाइल वीडियो विवाद में ताबड़तोड़ फायरिंग, श्रवणपट्टी में फैली दहशत
_रिपोर्ट: सुधीर मालाकार_

महुआ (वैशाली) — महुआ थाना क्षेत्र के मंगुराही पंचायत अंतर्गत श्रवणपट्टी गांव के वार्ड संख्या-03 में रविवार को मोबाइल से वीडियो बनाने को लेकर विवाद इतना बढ़ा कि ताबड़तोड़ फायरिंग तक हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दो पक्षों में पहले तीखी बहस और कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट और हिंसक झड़प में बदल गई। विवाद के दौरान एक पक्ष से करीब आधा दर्जन राउंड गोलियां चलाई गईं, जिससे पूरे गांव में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही महुआ थानाध्यक्ष राजेश रंजन दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने वहां से गोली के खोखे बरामद किए हैं और जांच शुरू कर दी है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि वीडियो बनाने को लेकर उपजा विवाद अचानक हिंसक रूप ले बैठा। गोली की आवाज से महिलाएं-बच्चे घरों में दुबक गए और आसपास के मोहल्लों तक लोग सहम उठे। राहत की बात रही कि इस फायरिंग में कोई हताहत नहीं हुआ।

थानाध्यक्ष राजेश रंजन ने बताया कि घटना को गंभीरता से लिया जा रहा है, आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और फायरिंग करने वालों की शिनाख्त के लिए छापेमारी की तैयारी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दोषियों पर जल्द ही सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और इलाके में शांति-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.