March 14, 2026

NR INDIA NEWS

News for all

सहकारिता संस्थाओं को आधुनिक व पारदर्शी बनाने को लेकर डीएम वर्षा सिंह की पहल, 14 मार्च को पैक्स प्रतिनिधियों का प्रशिक्षण

सहकारिता संस्थाओं को आधुनिक व पारदर्शी बनाने को लेकर डीएम वर्षा सिंह की पहल, 14 मार्च को पैक्स प्रतिनिधियों का प्रशिक्षण

सहकारिता क्षेत्र को सशक्त, पारदर्शी एवं तकनीक-समर्थ बनाने की दिशा में जिला प्रशासन वैशाली द्वारा महत्वपूर्ण पहल की गई है। जिला पदाधिकारी वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह के मार्गदर्शन में जिले के सभी पैक्स अध्यक्ष, प्रबंधक एवं व्यापार मंडल अध्यक्षों के लिए 14 मार्च 2026 को पूर्वाह्न 11:00 बजे से रीता पैलेस, हथसार गंज, नाका नंबर–03, हाजीपुर में एक दिवसीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा।
जिला प्रशासन की पहल पर आयोजित इस कार्यशाला का उद्देश्य सहकारिता संस्थाओं की कार्यप्रणाली को अधिक सशक्त, पारदर्शी, आधुनिक तथा जनोन्मुख बनाना है। कार्यशाला के दौरान विशेषज्ञों द्वारा बिहार सरकार एवं भारत सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, सहकारिता संस्थाओं की भूमिका, डिजिटल प्रक्रियाओं के प्रभावी उपयोग, पारदर्शिता, सुशासन तथा दक्ष संचालन से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया जाएगा।
कार्यशाला में सहकारिता अधिनियम एवं उपविधियों से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर प्रशिक्षण सहकारिता विभाग के मुख्य विशेषज्ञ एवं अवर निबंधक पद से सेवानिवृत्त अधिकारी श्री अजय कुमार अलंकार द्वारा दिया जाएगा। उनके अनुभव के आधार पर प्रतिभागियों को सहकारिता संस्थाओं के प्रभावी संचालन के संबंध में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्राप्त होगा।
साथ ही वैशाली जिला केंद्रीय सहकारी बैंक लिमिटेड के अध्यक्ष भी कार्यक्रम में शामिल होकर सहकारिता संस्थाओं की सुदृढ़ भूमिका एवं उनके विकास की दिशा में अपने विचार साझा करेंगे।
इस प्रशिक्षण सह कार्यशाला में जिला सहकारिता पदाधिकारी वैशाली, जिला अंकेक्षण पदाधिकारी वैशाली, प्रबंध निदेशक वैशाली जिला केंद्रीय सहकारी बैंक लिमिटेड सहित कई वरीय अधिकारी भाग लेंगे। इसके अलावा सीएससी योजना से संबंधित जानकारी देने के लिए जिला प्रबंधक सीएससी तथा नाबार्ड के डीडीएम भी उपस्थित रहेंगे और सहकारिता संस्थाओं के डिजिटलीकरण एवं वित्तीय सुदृढ़ीकरण के संबंध में जानकारी देंगे।
जिला पदाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह ने कहा कि सहकारिता संस्थाओं को मजबूत बनाना ग्रामीण अर्थव्यवस्था के विकास तथा किसानों के हितों की रक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है। इस प्रकार के प्रशिक्षण से पैक्स एवं व्यापार मंडलों की कार्यप्रणाली अधिक पारदर्शी, उत्तरदायी एवं तकनीक आधारित बनेगी।

जिला प्रशासन ने जिले के सभी पैक्स अध्यक्षों, प्रबंधकों एवं व्यापार मंडल अध्यक्षों से अपील की है कि वे इस महत्वपूर्ण प्रशिक्षण सह कार्यशाला में समय पर उपस्थित होकर सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें, ताकि सहकारिता संस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.