भारत संकल्प यात्रा: प्रचार प्रसार के अभाव में नहीं जुटे लोग स्वास्थ जांच के नाम पर पहुंचे आसपास के कुछ लोग
भारत संकल्प यात्रा: प्रचार प्रसार के अभाव में नहीं जुटे लोग
स्वास्थ जांच के नाम पर पहुंचे आसपास के कुछ लोग
महुआ। रेणु सिंह
प्रखंड की फुलवरिया पंचायत भवन पर शनिवार को पहुंची प्रधानमंत्री विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम आधे घंटे के अंदर ही संपन्न हो गई। यहां इस कार्यक्रम को लेकर कोई प्रचार प्रसार नहीं किए जाने के कारण लोगों में मायूसी दिखी। कार्यक्रम में लगाए गए स्वास्थ्य शिविर पर कुछ लोग पहुंचे और विभिन्न जांच कराया।
मालूम हो कि प्रधानमंत्री का विकसित भारत संकल्प योजना के तहत निकाली गई यात्रा लोगों को विकास कार्यों की जानकारी दे रही है। इस कार्यक्रम के तहत लोगों को विभिन्न विभाग के बारे में हो रही विकास की जानकारी दी जाती है। जबकि यहां ऐसा कुछ नहीं दिखा। कार्यक्रम में पहुंचे पंचायत के मुखिया सुकेश्वर दास ने बताया कि उन्हें तो कार्यक्रम शुरू होने के कुछ घंटे पूर्व जानकारी दी गई। जिसके कारण इस कार्यक्रम का कोई प्रचार प्रसार नहीं कराया गया। पूर्व उपमुखिया ओमप्रकाश ने बताया कि उन्हें तो कोई जानकारी नहीं है। वे रास्ते से गुजर रहे थे तो पहुंच गए। वहीं आसपास के पहुंचे लोगों ने बताया कि जब उन्हें गाड़ी पर बजने वाली लाउडस्पीकर की आवाज मिली तो देखने आए हैं। इस कार्यक्रम में प्रखंड के हर विभाग के पदाधिकारी और सभी विभाग के कर्मियों को आना था। यहां पर महुआ अस्पताल की ओर से पहुंचे डॉ प्रभात कुमार, डॉ मो शमीमुल हक, रक्षा गुर्जर, प्रीति कुमारी, सविता, शोभा, ज्योति प्रसाद आदि ने टीबी, ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर आदि की जांच की। कैंप बैंक ऑफ़ इंडिया, उत्तर बिहार ग्रामीण बैंक के सिर्फ बैनर टंगे थे। वही खाद्य निगम की ओर से मुकेश कुमार और अनिल कुमार थे।
