बगैर स्वीकृति के ही विद्यालय को बंद किए जाने पर विभाग सख्त
बगैर स्वीकृति के ही विद्यालय को बंद किए जाने पर विभाग सख्त
महुआ के वैशाली विद्यालय सहित कुल छह उच्च विद्यालयों के प्रभारी प्राचार्य से मांगा गया स्पष्टीकरण, बगैर अनुमति के विद्यालय बंद करने पर कट सकता है एक दिन का वेतन
महुआ। रेणु सिंह
बगैर अनुमति के ही महुआ के वैशाली विद्यालय सहित जिले में कुल छह उच्च विद्यालय बंद पाए गए। जिस पर विभाग सख्त होते हुए उन सभी विद्यालयों के प्रभारी प्राचार्य से स्पष्टीकरण मांगा है। विभागीय पत्र मिलने के बाद बगैर सूचना के स्कूल बंद कर गायब रहने वाले सभी प्रभारी प्राचार्यों में शनिवार को खलबली मची रही।
शिक्षा पदाधिकारी के कार्यालय द्वारा बीते शुक्रवार को जारी पत्र में बताया गया है कि बीते गुरुवार को बीईओ द्वारा अपने अपने क्षेत्र अंतर्गत विद्यालयों का निरीक्षण किया गया। जिसमें राजकीय कृत वैशाली विद्यालय महुआ, आदर्श उच्च विद्यालय सराय, बिंदेश्वर प्रसाद सिंह आदर्श उच्च विद्यालय हसनपुर महनार, उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय मजलिसपुर, उच्च विद्यालय सेंदुआरी तथा राज्य संपोषित बालिका उच्च विद्यालय हाजीपुर सहित कुल 06 विद्यालय बंद पाए गए। उक्त विद्यालयों के द्वारा प्रतिवेदन में बताया गया है कि निरीक्षणावकाश के कारण स्कूल को बंद किया गया है। जबकि निरीक्षणावकाश की छुट्टी के लिए जिला शिक्षा कार्यालय की ओर से कोई अनुमति नहीं दी गई थी। जारी पत्र में साफ तौर पर लिखा गया है कि स्कूल बंद रहने के कारण बच्चों का स्पेशल क्लास, रिमेडियल क्लास आदि प्रभावित हुए हैं। उक्त विद्यालय के प्रचार या प्रभारी प्रचार से 24 घंटे के अंदर स्पष्टीकरण देने को कहा गया है यह भी बताया गया है कि नो वर्क नो पे के तहत सभी शिक्षक और शिक्षकेतर कर्मियों का वेतन क्यों नहीं काटा जाए। जिला शिक्षा कार्यालय से जारी पत्र मिलने के साथ संबंधित विद्यालयों के कर्मियों में खलबली मची थी और वह बगैर विद्यार्थियों के ही स्कूल में डटे थे। महुआ बीइओ ने बताया विद्यार्थियों को बंद की सूचना स्कूल प्रशासन द्वारा दे दी गई थी।
