मुखिया के घर में घुसा अनियंत्रित ट्रक, बड़ा हादसा टला
मुखिया के घर में घुसा अनियंत्रित ट्रक, बड़ा हादसा टला
महुआ-हाजीपुर सड़क पर महुआ थाना अंतर्गत कन्हौली मोड़ के पास हुई घटना, इस दुर्घटना में चालक और खलासी भी हुए घायल
महुआ। रेणु सिंह
चालक द्वारा नियंत्रण को देने के कारण ट्रक अनियंत्रित होकर बिजली पोल को तोड़ते हुए मुखिया के घर में घुस गया। जिससे घर का एक भाग क्षतिग्रस्त हो गया। वही कमरे में सोए लोग बाल बाल बच गए। घटना सोमवार कि अहले सुबह करीब 6 बजे महुआ हाजीपुर सड़क पर महुआ थाना अंतर्गत कन्हौली मोड़ के पास घटी।
मिली जानकारी के अनुसार महुआ की ओर से हाजीपुर की तरफ जा रहे 14 चक्का वाला ट्रक का चालक कन्हौली मोड़ के पास गाड़ी से नियंत्रण खो दिया। जिसके कारण ट्रक अनियंत्रित होकर कन्हौली विशनपरू पंचायत के मुखिया दिलीप पासवान के दरवाजा के पास खड़े हाई वोल्टेज तार वाले विद्युत पोल को तोड़ते हुए घर में घुस गया। इस घटना में मुखिया श्री पासवान के सड़क किनारे मकान का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। यह तो भगवान का शुक्र था कि जहां ट्रक घुसा वहां कमरे में रोज सोने वाले तीन लोग शादी विवाह के मौके पर संबंधी के यहां गए हुए थे। अन्यथा बड़ी घटना हो जाती। इस घटना में ट्रक चालक पटना निवासी तरुण और खलासी सुजीत को भी चोटे आई। हालांकि स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए चालक और खलासी का पहले उपचार कराया। इधर बिजली पोल तोड़ देने के कारण काफी देर तक एक हिस्से के दर्जनों घरों में बिजली नदारत रही। हालांकि बिजली मिस्त्री और कनीय अभियंता की सक्रियता से तार जोड़कर बिजली बहाल भी कर दी गई। लोगों ने बताया कि सुबह में चालक को झपकी आ जाने के कारण यह घटना हुई।
