21 कुंडीय गायत्री महायज्ञ में देव पूजन के साथ हुआ हवन
21 कुंडीय गायत्री महायज्ञ में देव पूजन के साथ हुआ हवन
महुआ। रेणु सिंह
स्थानीय परसौनिया गुदरी हाट स्थित शिव मंदिर परिसर में तीन दिनों तक चलने वाली 21 कुंडीय गायत्री महायज्ञ के दूसरे दिन मंगलवार को देव पूजन के साथ श्रद्धालुओं द्वारा हवन किया गया। यहां हवन के साथ विश्व कल्याण के लिए कामना की गई। यज्ञ को लेकर भक्ति परवान पर है और महिलाओं में तो आस्था सिर चढ़कर बोल रही है।
यज्ञ में गायत्री परिवार की ओर से सुबह में देव पूजन कराया गया। इसी के साथ हवन कर श्रद्धालुओं ने अपने अंदर छुपे बुराइयों को त्यागा। इस मौके पर गायत्री परिवार की ओर से संगीतमय कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें श्रद्धालु झूमते रहे। यहां पर एक कमेटी के बालेन्द्र सिंह, अखिलेश कुमार सुमन, डॉ अजय, डॉ विश्वनाथ के अलावा महिला मंडल ने सहयोगात्मक भूमिका निभाई। हवन में महिला श्रद्धालुओं की संख्या अधिक थी। उन्होंने गायत्री मंत्र के साथ हवन कर अपने दुर्गुणों को त्यागा। वही घर परिवार समाज के साथ-साथ विश्व कल्याण के लिए कामना की गई। वहीं दोपहर में विद्यार्थी गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस गोष्ठी में विद्यार्थियों को अपनी संस्कृति, संस्कार, संयम के बारे में बताया गया। वही शाम में संगीतमय प्रज्ञा पुराण कार्यक्रम हुआ। जहां पर श्रद्धालुओं की भीड़ रही। इस कार्यक्रम में श्रद्धालुओं की भक्ति सिर चढ़कर बोली।
