महुआ में व्यवसायी की हुई हत्या के विरोध में एसयूसीआई ने निकाला प्रतिरोध मार्च
महुआ में व्यवसायी की हुई हत्या के विरोध में एसयूसीआई ने निकाला प्रतिरोध मार्च
महुआ। रेणु सिंह
स्थानीय बाजार के गोला रोड में थोक एवं खुदरा गल्ला व्यवसायी विनोद कुमार चौधरी की अपराधियों द्वारा गोली मार की गई हत्या के विरोध में एसयूसीआई के द्वारा रविवार को यहां प्रतिवाद मार्च निकाला गया। मार्च के जरिए अपराधियों को शीघ्र गिरफ्तार कर उसे कठोर सजा देने की मांग की गई।
यह प्रतिवाद मार्च यहां फूदेनी चौक स्थित पार्टी कार्यालय से यहां पार्टी के ललित कुमार घोष के नेतृत्व में निकालकर विभिन्न मार्गों का भ्रमण करते हुए गांधी स्मारक चौक पहुंचा। जहां पर सभा की गई और महुआ सहित बिहार में बढ़ रही आपराधिक घटनाओं पर सरकार को कटघरे में खड़ा किया गया। मार्च में शामिल लोगों का कहना था कि महुआ में शांत और विनम्र स्वभाव के व्यवसायी विनोद कुमार चौधरी को अपराधियों ने सरेशाम गोली मारकर हत्या कर दी। जबकि उनके पुत्र डॉ राहुल को पिस्टल के बट से प्रहार कर सर को लहूलुहान कर दिया। सरकार में अपराधी बेलगाम होते जा रहे हैं। उन्होंने पुलिस पर सवाल उठाते हुए कहा कि हर जगह दारू बालू के चक्कर में पुलिस अपना जेब गर्म करने में लगी है। जबकि आम लोगों की सुरक्षा अब भगवान भरोसे रह गई है। थाना से महज कुछ दूरी पर और भीड़ भार वाले इलाके में अपराधी पहुंच गए। सरेशाम घटना को अंजाम दिया और पुलिस को पता तक नहीं चली। मृतक के पुत्र डॉ राहुल ने एक अपराधी को दबोच लिया। प्रतिवाद मार्च में शामिल कार्यकर्ता व्यवसायी परिवार को न्याय देने की मांग कर रहे थे।
