महुआ में विभिन्न जगहों पर वार्षिक काली पूजनोत्सव का आयोजन
महुआ। रेणु सिंह
वार्षिक काली पूजनोत्सव को लेकर महुआ के विभिन्न गांव में भक्ति और आस्था परवान पर रही। काली पूजनोत्सव को लेकर मृदंग की थाप और पारंपरिक गीत यहां गूंजते रहे। महिलाएं में तो आस्था और भक्ति सर चढ़कर बोली। उन्होंने पकवान बनाकर माता काली का पूजन कर घर परिवार में सुख, समृद्धि के साथ शांति बनाए रखने के लिए मन्नत मांगी। महुआ के फुलवरिया पश्चिम काली मंदिर पर पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। यहां महिला श्रद्धालुओं की अधिक भीड़ रही। उन्होंने माता काली का पूजन कर गृहस्थ जीवन में प्राकृतिक गतिविधि बनाए रखने को लेकर अर्चना की। बताया गया कि यहां काली पूजन आषाढ़ महीने में होता है, जो किसानों के लिए काफी महत्वपूर्ण महीना है। इस महीने में माता की पूजन कर प्राकृतिक गतिविधि बनाएं रखने और आपदाओं से बचाने के लिए अर्चना की जाती है। इधर बरियारपुर, कड़ियों, गद्दोपुर, खोपी, महुआ सहित विभिन्न जगहों पर मां काली का पूजन विधि विधान के साथ किया गया। उधर बुढ़िया माई पूजन के लिए महिलाएं भक्ति गीत गाते हुए हरौली पहुंची। महिलाएं माई को एक चुटकी सिंदूर चढ़ा कर नाक से लेकर पूरे मांग सिंदूर से भरे और सुहागन बनाए रखने के साथ घर परिवार, समाज और राष्ट्र में उन्नति बनाए रखने के साथ विश्व कल्याण के लिए कामना की।