May 1, 2026

NR INDIA NEWS

News for all

महुआ के कन्हौली विशनपरसी में जलापूर्ति नहीं होने के कारण पानी के लिए मचा है हाहाकार

महुआ के कन्हौली विशनपरसी में जलापूर्ति नहीं होने के कारण पानी के लिए मचा है हाहाकार
महुआ। रेणु सिंह

महुआ के कन्हौली विशनपरसी में तीन सप्ताह से जलापूर्ति सेवा बंद होने से लोगों में पानी की हाहाकार मची है। लंबे समय से नल जल बंद होने के कारण लोगों को दूर से ठेला, रिक्शा, बाइक, साइकिल आदि से पानी लाना मजबूरी बन रहा है। जिसके कारण कई परेशानियां उत्पन्न हो रही है। जलापूर्ति ठप होने के कारण खासकर महिलाओं को नहाने, बर्तन साफ करने, कपड़ा धोने, खाना बनाने और यहां तक की शौचालय जाने में भी दिक्कत हो रही है।
पानी की हाहाकार को लेकर यहां शनिवार को लोग बाल्टी, गैलन व अन्य वर्तन लेकर सड़क पर उतर आए। लोगों ने बताया कि तीन सप्ताह से जलापूर्ति ठप है। जिसके कारण वार्ड 7 और 8 में 500 से अधिक परिवारों को पानी नहीं मिल रहा है। जिसके कारण उन्हें भारी फजीहत झेलनी पड़ रही है। जलापूर्ति ठप होने के कारण लोग नहा नहीं रहे हैं। कपड़े साफ करना भी मुश्किल हो रहा है। ऐसे वे पानी खरीद कर पी तो लेते हैं लेकिन खाना बनाने के लिए पानी की भारी दिक्कत हो रही है। जो भी पुराने चापाकल थे। वह खराब हो गई है। या वाटर लेवल खिसक जाने से पानी नहीं दे रहे हैं।
नहाना और यहां तक की शौचालय में जाना भी हो रहा मुश्किल:
लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग एवं निगरानी समिति के पूर्व सदस्य अशोक कुमार जायसवाल ने बताया कि 3 सप्ताह से जलापूर्ति ठप होने के कारण पानी की भारी समस्या खड़ी हो गई है। नहाने और शौच जाने के लिए भी पानी नहीं मिल रहा है। पुरुष तो दूर जाकर कहीं नहा भी लेते हैं। महिलाओं को नहाने और कपड़ा साफ करने के लिए सोचना पड़ता है। उन्होंने यह भी बताया कि जलापूर्ति बंद होने की सूचना सारे पदाधिकारीयों, जनप्रतिनिधियों को दी गई है लेकिन कोई कुछ सुनने को तैयार नहीं है। बहरहाल 500 से अधिक परिवार पानी की भारी किल्लत झेल रहा है। कई लोगों ने बताया कि इस भीषण गर्मी में पानी की किल्लत के कारण नहाए हुए दो-तीन दिन हो गए। वहीं दूसरे के यहां से पानी लाने के लिए उन्हें उनकी फटकार भी झेलनी पड़ रही है। इसके बावजूद पीएचइडी विभाग हाथ पर हाथ धरे बैठा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.