बुधवार को होने वाले पंचायत उपचुनाव को लेकर सोमवार को यहां वैशाली विद्यालय पर चुनाव कर्मियों को सामग्री देकर उन्हें मतदान केंद्रों पर रवाना किया गया।मतदान सामग्री लेने को लेकर वैशाली विद्यालय पर चुनाव कर्मियों की भीड़ रही। माइक से हर एक एक कर्मी को बुलाकर चुनाव सामग्री दिया गया। यहां वैशाली विद्यालय पर प्रखंड विकास पदाधिकारी संजीत कुमार, सहायक निर्वाची पदाधिकारी राकेश कुमार के उपस्थिति में मतदान सामग्रियों का वितरण किया गया। महुआ में पंचायत उप चुनाव को लेकर 45 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। प्रत्येक बूथ पर पांच कर्मियों को लगाया गया है। वही सभी मतदान कर्मियों को पारदर्शिता और ईमानदारी के बीच चुनाव कराने का निर्देश भी दिया गया है। महुआ प्रखंड में गौसपुर चकमजाहिद पंचायत में मुखिया पद के लिए चुनाव होने हैं। इसके साथ ही हसनपुर ओस्ती में सरपंच, समसपुरा में पंचायत समिति सदस्य के अलावा अन्य पंचायतों में वार्ड सदस्य और पंच के लिए चुनाव होने हैं। यहां सभी मतदान केंद्रों पर शांति व्यवस्था को लेकर सशस्त्र पुलिस बल को भी लगाया गया है। इसके अलावा पेट्रोलिंग दस्ते भी तैयार किए गए हैं।