खेल में अव्वल प्रतिभागियों के बीच विधायक ने किया प्रशस्ति पत्र का वितरण
खेल में अव्वल प्रतिभागियों के बीच विधायक ने किया प्रशस्ति पत्र का वितरण
महुआ के वैशाली विद्यालय में स्थानीय विधायक डॉ मुकेश रोशन ने 33 प्रतिभागियों को दिया प्रशस्ति पत्र, शैक्षणिक आधारभूत संरचना विकास निगम से बने भवन का हुआ उद्घाटन
महुआ। रेणु सिंह
स्थानीय वैशाली विद्यालय में शुक्रवार को विभिन्न खेलों में अव्वल प्रतिभागियों के बीच स्थानीय विधायक द्वारा प्रशस्ति पत्र का वितरण किया गया।
इसके साथ ही स्कूल परिसर में शैक्षणिक आधारभूत संरचना विकास निगम से बने भवन का उद्घाटन भी विधायक द्वारा किया गया।
छात्र-छात्राओं के बीच पारितोषिक वितरण समारोह में पहुंचे स्थानीय विधायक डॉ मुकेश रौशन और उनके साथ आए अन्य अतिथियों का सम्मान छात्राओं द्वारा स्वागत गान से किया गया। स्कूल के प्रभारी प्राचार्ज डॉक्टर रामबालक राय के निर्देशन में आयोजित पारितोषिक वितरण समारोह में पहुंचे विधायक डॉ रौशन ने कहा कि यहां के बच्चों में प्रतिभा की कमी नहीं है। जरूरत उन्हें तराशने की है। अवसर मिले तो यहां के बच्चे काफी ऊंचाई तक पहुंच सकते हैं। इस मौके पर उन्होंने स्कूल की जर्जरता को दूर करने का भरोसा भी दिया। कार्यक्रम में प्रदीप यादव, संजय पासवान, मुखिया संजीत कुमार, मुकेश यादव, रणविजय यादव, रामनाथ यादव, सेवानिवृत शिक्षक सरयुग राय, आमिर राय आदि को भी स्कूल के द्वारा सम्मानित किया गया। यहां पर खेलकूद, एकल गायन, एकल नृत्य, कला दृश्य, विभिन्न प्रकार के शिक्षण मॉडल निर्माण, रंगोली निर्माण और स्वागत गान में शामिल कुल 33 प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र दिया गया। इस मौके पर शिक्षक चिरंजीवी कुमार, संजय कुमार, केदार राय, शिवलाल सिंह राधेश्याम आदि सक्रियता निभाई। कार्यक्रम को लेकर स्कूल में छात्र-छात्राओं के बीच काफी चहल-पहल रही।
