दिल्ली से अधेड़ का शव आने पर देखने के लिए लोगों की उमड़ी भीड़
दिल्ली से अधेड़ का शव आने पर देखने के लिए लोगों की उमड़ी भीड़
महुआ। रेणु सिंह
दिल्ली से अधेड़ का शव सोमवार की पूर्वाहन यहां फतेहपुर पकड़ी पंचायत के बिशनपुर मधौल में आते ही उसे देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। वहीं परिजनों के चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया। घर के कमाऊ व्यक्ति की मौत सड़क दुर्घटना में हो जाने से गांव के लोग सदमे में है।
मृतक करीब 50 वर्षीय संतोष कुमार सिंह महुआ थाने के बिशनपुर मधौल वार्ड संख्या 14 निवासी प्रमेश्वर सिंह का पुत्र था और वह दिल्ली में रहकर सिक्योरिटी गार्ड का काम करता था। संतोष बीते शनिवार को अपने कार्य ड्यूटी पर जा रहा था। इसी बीच अनियंत्रित वाहन ने उसे कुचल दिया। जिससे उसकी मौत हो गई थी। रविवार को दिल्ली पुलिस द्वारा कागजी प्रक्रिया पूरी कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौपा गया।
पत्नी निभा का रो-रोकर बुरा हाल:
मृतक संतोष की पत्नी निभा का तो रो-रो कर बुरा हाल है। पत्नी निभा आशा का काम करती है। अब वह किसके सहारे जीएगी। संतोष की कमाई से घर परिवार चलता था। एक पुत्र अंशु अभी पढता है। जबकि बड़ी पुत्री प्रीती की शादी हो चुकी है। दो भाइयों में संतोष बड़ा था छोटा भाई अजीत और एक बहन कविता की भी शादी हो चुकी है। घर की माली हालत को देखते हुए संतोष करीब डेट दशक पूर्व दिल्ली में कमाने चला गया था। जहां पर सिक्योरिटी गार्ड का काम करता था। ग्रामीण पंकज कुमार सिंह, दीपक कुमार, कामेश्वर सिंह आदि ने बताया कि संतोष की मौत से परिवार पर विपत्ति का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक का अंतिम संस्कार हाजीपुर कोनहारा घाट पर किया गया।
