March 10, 2026

NR INDIA NEWS

News for all

पटना में लॉन्च हुआ फिल्म “किस्सा कोर्ट कचहरी का” का भव्य ट्रेलर, 13 मार्च को होगी रिलीज

पटना में लॉन्च हुआ फिल्म “किस्सा कोर्ट कचहरी का” का भव्य ट्रेलर, 13 मार्च को होगी रिलीज

 

पटना। सच्ची घटना पर आधारित बॉलीवुड फिल्म “किस्सा कोर्ट कचहरी का” का भव्य ट्रेलर लॉन्च पटना के प्रतिष्ठित होटल मौर्या में किया गया। इस खास मौके पर बिहार सरकार की मंत्री श्रेयषी, भाजपा बिहार के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और समाजसेवी व नेत्री ऋतु जायसवाल मुख्य रूप से उपस्थित रहीं। सभी अतिथियों ने फिल्म के ट्रेलर को देखने के बाद पूरी टीम को शुभकामनाएँ देते हुए इसकी सफलता की कामना की।

लवली फिल्म्स प्रस्तुत इस फिल्म के निर्देशक रजनीश जायसवाल और निर्माता अरुण जायसवाल के साथ कई कलाकार भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। इनमें अभिनेता बृजेंद्र काला, नीलू कोहली, कृष्णा सिंह बिष्ट, लोकेश तिलकधारी, संजीव जायसवाल और अनुज जाधव भी शामिल थे।

इस अवसर पर निर्देशक रजनीश जायसवाल ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि यह फिल्म उनके लिए बेहद खास है। उन्होंने बताया कि यह कहानी सच्ची घटनाओं से प्रेरित है और इसमें न्याय व्यवस्था से जुड़ी कई महत्वपूर्ण बातें दर्शाई गई हैं। उन्होंने कहा, “सच को कुछ समय के लिए छुपाया जा सकता है, लेकिन उसे मिटाया नहीं जा सकता। अंततः सच सामने आता है और अब फैसला कोर्ट में होगा।” उन्होंने दर्शकों से अपील की कि वे सिनेमाघरों में जाकर फिल्म देखें और कलाकारों को अपना आशीर्वाद दें।

फिल्म के निर्माता अरुण जायसवाल ने कहा कि बिहार की धरती पर फिल्म के प्रमोशन के दौरान जो प्यार और सम्मान मिला है, वह बेहद प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि मंत्री श्रेयषी सिंह, प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और नेत्री ऋतु जायसवाल जैसे सम्मानित लोगों की उपस्थिति से टीम का मनोबल बढ़ा है। उन्हें उम्मीद है कि उनके आशीर्वाद और दर्शकों के समर्थन से यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल होगी।

अभिनेता बृजेन्द्र काला ने भी बिहार के लोगों के प्रति अपना प्रेम व्यक्त करते हुए कहा कि वे पहले भी बिहार आ चुके हैं और यहाँ का स्नेह हमेशा उन्हें आकर्षित करता है। उन्होंने कहा कि यह फिल्म बड़े पैमाने पर बनाई गई है और इसकी कहानी दर्शकों को जरूर पसंद आएगी। उन्होंने यह भी बताया कि आने वाले समय में वे बिहार की पृष्ठभूमि पर आधारित कई अन्य फिल्मों में भी काम कर रहे हैं।

फिल्म “किस्सा कोर्ट कचहरी का” में राजेश शर्मा, ब्रिजेंद्र काला, नीलू कौर कोहली, सुशील चंदरभान पाराशा, कृष्णा सिंह बिष्ट, अंजू जाधव, सरजीव जायसवाल, लोकेश एस सिंह और अवन्या कुमारी मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म के डीओपी धर्मेंद्र विश्वास, एडिटर संतोष मंडल, संगीत प्रवेश मलिक और साउंड डिज़ाइनर कैलाश सिंह हैं।

यह फिल्म 13 मार्च को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी और इसकी कहानी न्याय, संघर्ष और सच की जीत के संदेश को दर्शकों तक पहुँचाने का प्रयास करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.