एम्स पटना में विश्व किडनी दिवस 2026 का आयोजन, रोकथाम, समय पर जांच और अंगदान पर दिया गया जोर
एम्स पटना में विश्व किडनी दिवस 2026 का आयोजन, रोकथाम, समय पर जांच और अंगदान पर दिया गया जोर
रिपोर्ट :फातमा जहाँ ،फुलवारी शरीफ, पटना
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), पटना के नेफ्रोलॉजी विभाग द्वारा विश्व किडनी दिवस 2026 के अवसर पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य किडनी स्वास्थ्य के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना तथा किडनी रोगों की रोकथाम के लिए आवश्यक उपायों को बढ़ावा देना था। कार्यक्रम में विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों, शिक्षकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने भाग लेकर किडनी की सुरक्षा के लिए जीवनशैली में सुधार, समय पर जांच और जनजागरूकता के महत्व पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर प्रो. (डॉ.) अमरेश कृष्णा, विभागाध्यक्ष, नेफ्रोलॉजी विभाग, एम्स पटना ने अपने संबोधन में समाज में बढ़ते किडनी रोगों की समस्या पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि समय पर जांच, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, पर्याप्त पानी का सेवन, संतुलित आहार और सक्रिय जीवनशैली अपनाकर किडनी रोगों से काफी हद तक बचाव संभव है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रो. (डॉ.) हेमंत कुमार, माननीय अध्यक्ष, एम्स गोरखपुर एवं पद्मश्री सम्मानित ने किडनी रोगों की रोकथाम पर एक व्याख्यान दिया। उन्होंने लोगों को जंक फूड से परहेज करने, संतुलित आहार अपनाने और स्वस्थ आदतों को जीवन का हिस्सा बनाने की सलाह दी। उन्होंने यह भी बताया कि उच्च रक्तचाप को नियंत्रित रखना और रक्तचाप का संतुलित स्तर बनाए रखना किडनी की सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है।
इस दौरान प्रो. (डॉ.) प्रीत पाल सिंह, नेफ्रोलॉजी विभाग, इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (आईजीआईएमएस), पटना ने अंगदान के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विशेष रूप से किडनी दान के महत्व को रेखांकित करते हुए लोगों से अपील की कि वे आगे आकर अंगदान के लिए प्रेरित हों, जिससे अंतिम अवस्था के किडनी रोग से जूझ रहे मरीजों को नया जीवन मिल सके।
कार्यक्रम में कई गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रही, जिनमें प्रो. (डॉ.) संजय पांडेय, डीन (रिसर्च), प्रो. (डॉ.) मनोज कुमार, डीन (एग्जामिनेशन), प्रो. (डॉ.) रुचि सिन्हा, डीन (स्टूडेंट अफेयर्स), प्रो. (डॉ.) अनुप कुमार, मेडिकल सुपरिंटेंडेंट, प्रो. (डॉ.) ज्योति प्रकाश, विभागाध्यक्ष, जनरल मेडिसिन, डॉ. कमलेश गुंजन, विभागाध्यक्ष, यूरोलॉजी, प्रो. (डॉ.) रविकीर्ति, प्रोफेसर, जनरल मेडिसिन तथा डॉ. स्वर्णिम, एसोसिएट प्रोफेसर, पीडियाट्रिक्स, एम्स पटना शामिल थे। इसके अलावा अन्य संस्थानों से प्रो. (डॉ.) रोहित उपाध्याय, प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष, यूरोलॉजी, आईजीआईएमएस पटना तथा प्रो. (डॉ.) हर्ष वर्धन, पटना मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (पीएमसीएच), पटना भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. मेघा सैगल, सहायक प्रोफेसर, नेफ्रोलॉजी विभाग, एम्स पटना ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों, वक्ताओं और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। इस आयोजन के माध्यम से किडनी रोगों की रोकथाम के लिए जनजागरूकता, स्वस्थ जीवनशैली, समय पर जांच और अंगदान के महत्व का संदेश दिया गया।
